रेहड़ी-पटरी मजदूर यूनियन ने नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज का किया स्वागत, जल्द TVC बैठक बुलाने के निर्देश
पथ विक्रेताओं की लंबित समस्याओं को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त से की मुलाकात, अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी जताया विरोध
गुरुग्राम, 28 नवंबर। रेहड़ी-पटरी मजदूर यूनियन गुरुग्राम (सीटू) के पदाधिकारियों और टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) के सदस्यों ने शुक्रवार को नगर निगम गुरुग्राम के नवनियुक्त आयुक्त डॉ. पंकज से मुलाकात कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने पथ विक्रेताओं की लंबे समय से लंबित समस्याओं को उठाते हुए टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक जल्द बुलाने की मांग की। इस पर निगम आयुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जॉइंट कमिश्नर सपना यादव को शीघ्र TVC बैठक आयोजित करवाने के निर्देश दिए।
सीटू जिला कमेटी की सदस्य उषा सरोहा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने आयुक्त को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि उनके कार्यकाल में गुरुग्राम के हजारों रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की आजीविका, अधिकारों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पथ विक्रेता शहर की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों की जरूरतों से जुड़े महत्वपूर्ण वर्ग हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान और सम्मानजनक तरीके से काम करने का अधिकार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक के दौरान TVC सदस्यों ने लंबे समय से लंबित मुद्दों पर चर्चा करते हुए टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधिमंडल ने सिटी प्लानिंग ऑफिसर द्वारका प्रसाद और योगेंद्र त्यागी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति विरोध दर्ज करवाते हुए आयुक्त से मामले में गंभीरता से हस्तक्षेप करने की मांग की।
नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने TVC बैठक जल्द आयोजित करवाने के निर्देश देकर इस दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। यूनियन ने उम्मीद जताई कि निगम प्रशासन के सहयोग से पथ विक्रेताओं की लंबित समस्याओं का समाधान होगा और उन्हें सम्मानजनक तरीके से रोजगार करने का अवसर मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में यूनियन के महासचिव चुरामन, कोषाध्यक्ष बलराम, उपप्रधान योगेश कुमार व चंद्रकला, संगठन सचिव रोहतास तथा TVC सदस्य लक्ष्मी बीवी, राकेश कुमार, संजीव, सरोज सहित अन्य सदस्य एवं संगठन के पदाधिकारी शामिल रहे।
