-रेडक्रॉस सोसायटी के साथ प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
-लोगों की समस्याओं का मौके पर ही किया गया समाधान
गुरुग्राम। जिला रेडक्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से द अर्थ सेवियर फाउंडेशन बंधवाड़ी में मेगा सहायता शिविर लगाया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम रजत वर्मा ने टीबी प्रोजेक्ट रेडक्रॉस सोसाइटी गुरुग्राम के सेवा कार्यों की समीक्षा की और टीबी कोर्डिनेटर रोहिताश शर्मा से विस्तार से जानकारियां ली। उन्होंने प्रोजेक्ट जिला रेडक्रॉस को समिति के सभी सेवा कार्यों में हमेशा सहायता देने का विश्वास भी दिलाया। साथ ही प्रशासन की ओर से सरकारी सुविधाओं, योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस शिविर में जिनकी वोटर कार्ड, आधार कार्ड व सरकारी योजनाओं से संबंधी जागरुक किया गया। सरकारी कार्यालयों की ओर से पहुंचे अधिकारियों, कर्मचारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम रजत वर्मा ने कहा कि नर सेवा नारायण सेवा हम सभी का उद्देश्य होना चाहिए। हमें यह नहीं देखना चाहिए कि हम किसी पद पर बैठे हैं। हमारे भीतर काम करने की, ऐसा करने की भावना जरूरी है। फिर चाहे हम किसी भी पद पर हों, हम सेवा को निरंतर आगे बढ़ाते ही रहेंगे। यह भावना होनी ही चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए। योजनाओं की सफलता, असफलता उससे जुड़े कर्मचारियों, अधिकारियों के हाथ में होती है। हमें यह अवसर मिला है कि हम जरूरतमंदों तक सरकार की सेवाएं पहुंचा सकते हैं तो इस अवसर का हमें लाभ उठाना चाहिए।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने कहा कि ये शिविर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी एवं महासचिव महेश जोशी के दिशा निर्देशन तथा उपायुक्त गुरुग्राम अजय कुमार व अतिरिक्त उपायुक्त वत्सल वशिष्ठ के मार्गदर्शन में लगाया गया है। उन्होंने आगे कहा कि अर्थ सेवियर फाउंडेशन मानवता की सेवा में बहुत ही बेहतरीन काम कर रहा है। जिस तरह से यहां बुजुर्ग, लाचार लोगों की सेवा की जाती है, वह अपने आप में अनुकरणीय उदाहरण है। सेवा भावना यहां से भी सीखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज से हर व्यक्ति अपने बच्चों को यहां का भ्रमण जरूर कराए, ताकि हमारी अगली पीढ़ी में सेवा की भावना का संचार हो सके।
रेडक्रॉस सोसायटी पेटर्न व एक उड़ान संस्था की संस्थापिका कल्याणी सचान एवं कविता सरकार ने लोगों की समस्यायों के बारे में जानकारी ली। अर्थ फाउंडेशन के संचालक जस कालरा ने डीएलएसए का इस कार्य के लिए आभार जताते हुए कहा कि समय-समय पर उन्हें डीएलएसए की ओर से विभिन्न तरीकों से सहयोग किया जाता है। अर्थ फाउंडेशन से कविता माथुर व पूरी टीम का विशेष सहयोग मिला।