खेडक़ीदौला टोल प्लाजा पर टोल फीस बढ़ाना जनता से खुली लूट: पंकज डावर

 खेडक़ीदौला टोल प्लाजा पर टोल फीस बढ़ाना जनता से खुली लूट: पंकज डावर 

-खेडक़ीदौला टोल प्लाजा पर एक तरफ 85 से बढ़ाकर 95 रुपये किया टोल

गुरुग्राम। कांग्रेस के गुडग़ांव जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने खेडक़ीदौला टोल प्लाजा पर टोल फीस 85 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये करने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह जनता के साथ खुली लूट है। सरकार जनता को हर तरह से लूटने का काम कर रही है। सरकार बिना देरी के इस बढ़ी हुई टोल फीस को वापस ले। 

पंकज डावर ने कहा कि गुरुग्राम की जनता का खून-पसीने का बड़ा हिस्सा टोल टैक्स का भुगतान करने में जाता है। नियम है कि नगर निगम के दायरे में कोई टोल प्लाजा नहीं होना चाहिए, लेकिन गुरुग्राम-जयपुर हाइवे पर खेडक़ीदौला टोल प्लाजा नगर निगम क्षेत्र में ही है। इसके आसपास अनेक रिहायशी सोसायटियां बनी हैं। जहां से लोग अपने घर से बाजार सामान भी खरीदने निकलते हैं तो उन्हें टोल देना पड़ता है। एक तरफ का टोल 95 रुपये कर दिया गया है। इस तरह से एक बार व्यक्ति से निकलता है तो उसे वापस जाने के 50 रुपये देने पड़ रहे हैं। यानी 145 रुपये उनका बेवजह खर्च हो रहा है। 

पंकज डावर ने कहा कि भाजपा सरकार ने टोल हटाने की झूठी घोषणाएं करते-करते 11 साल बिता दिए हैं। कभी यहां के सांसद इसे हटाने को लेकर बात करते हैं और जनता की वाहवाही लूटते हैं। कभी विधायक तो कभी मंत्री इस टोल को हटाने पर जनता के बीच झूठ बोल जाते हैं। मुख्यमंत्री भी कई बार टोल हटाने की घोषणा कर चुके हैं। ये घोषणाएं करते-करते भी करोड़ों रुपये जनता से टोल वसूली कर ली गई है। उन्होंने कहा कि एक दिन में खेडक़ीदौला टोल प्लाजा से 50 लाख रुपये से भी अधिक टोल शुल्क का अनुमान है। ऐसे में जनता से टोल के नाम पर किस तरह से वसूली की जा रही है, यह सबके सामने है। 

उन्होंने कहा कि जनता से लूट बहुत हो चुकी। अब सरकार को यह लूट खसोट बंद कर देनी चाहिए। जब तक इस टोल को शिफ्ट नहीं किया जाता, तब तक टोल की वसूली बंद की जानी चाहिए। टोल का मतलब बेहतर सडक़ मार्ग होता है, मगर गुरुग्राम-जयपुर मार्ग पर निरंतर जाम लगा रहता है। सुबह के समय जयपुर से आने वाली तरफ जाम का बुरा हाल होता है। खेडक़ीदौला टोल प्लाजा से शुल्क देकर लोग वाहन लेकर आगे बढ़ते हैं और जाम में फंस जाते हैं। करीब आधा घंटा कम से कम वे जाम में  फंसे रहते हैं। जाम से बचने के लिए लोगों को सुबह उठते ही घर से निकलना पड़ता है। आठ से साढ़े आठ बजे ही नरसिंहपुर के पास द्वारका एक्सप्रेस-वे के ऊपर से नीचे जयपुर हाइवे पर हीरो होंडा चौक तक जाम लग जाता है। 

पंकज डावर ने द्वारका एक्सप्रेस-वे पर भी टोल शुल्क शुरू कर दिया गया है। इस टोल पर तो वाहन चालकों पर डकैती ही की जा रही है। रविवार से यह टोल शुरू किया गया है। हकीकत यह है कि इस टोल पर शुल्क प्लाजा शुरू होने के साथ ही वाहनों की संख्या कम हो गई है। इस टोल के आसपास के गांवों और सोसायटियों के लोग विरोध में उतरे आए हैं। लोगों ने क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय मंत्री को भी मांग पत्र दिया है, मगर इस पर कुछ नहीं किया गया। पंकज डावर ने कहा कि कारोबारियों की इतनी कमाई नहीं है जितना उन्हें टोल शुल्क देना पड़ेगा। हल्के कॉमर्शियल वाहनों से एक तरफ का 355 रुपये और दोनों तरफ का 535 रुपये तय किया गया है। यह पूरी तरह से ज्यादती और जनता से ठगी है। इन दामों में कमी की जानी चाहिए।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال