द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय के खिलाड़ी रामपाल ने जीते दो गोल्ड मेडल
गुरुग्राम। ABMS। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय गुरुग्राम के होनहार खिलाड़ी रामपाल ने पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड मेडल जीतकर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया है।
हाल ही में आयोजित जिला स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता गुरुग्राम में रामपाल ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस शानदार जीत के साथ ही उन्होंने हरियाणा स्टेट पावरलिफ्टिंग टूर्नामेंट के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है।
रामपाल इससे पहले भी नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके लगातार बेहतर प्रदर्शन से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी वे हरियाणा के लिए पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर कॉलेज की खेल विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील डबास तथा प्राचार्य डॉ. पुष्पा अंतिल ने खिलाड़ी रामपाल को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
