महालक्ष्मी जी का दिव्य आगमन 27 फरवरी को

 महालक्ष्मी जी का दिव्य आगमन 27 फरवरी को


“हर महीने शुक्ल पक्ष के शुक्रवार को संपन्न होने वाले माँ महालक्ष्मी के दिव्य अनुष्ठान में मनोकामना पूर्ति हेतु आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या निरंतर बढ़ रही है। 27 फरवरी को आयोजित विशेष अनुष्ठान में हजारों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है।” — दिनेश अग्रवाल

गुरुग्राम, सौभाग्य, समृद्धि एवं शांति की अधिष्ठात्री माँ महालक्ष्मी की कृपा-प्राप्ति हेतु श्री महालक्ष्मी मंदिर के प्रांगण में शुक्रवार, 27 फरवरी को अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ दिव्य महाअनुष्ठान का भव्य आयोजन किया जाएगा।

मंदिर के महासचिव दिनेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुग्राम में संपन्न होने वाला यह एकमात्र सामूहिक अनुष्ठान है, जिसमें श्रद्धालुजन अपनी मनोकामना की पूर्ति हेतु मन्नत के साथ माँ महालक्ष्मी को नीलकमल पुष्प एवं महाप्रसाद की सामग्री स्वयं अपने हाथों से अर्पित करते हैं। यह आयोजन भक्तों को माँ के चरणों में प्रत्यक्ष भक्ति अर्पित करने का अनुपम अवसर प्रदान करता है।

विवेक गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, नितिन अग्रवाल, मीनाक्षी गुप्ता, इंदु जैन ने बताया कि मंदिर परिसर को भव्य एलईडी प्रकाश सज्जा, पुष्पमालाओं एवं दीपों से अलंकृत किया जाएगा। भक्तगण दिव्य वातावरण में माँ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों रमेश सिंघल, पियूष सिंघल, गोपाल जिंदल, राजेश अग्रवाल ने कहा कि पूरे कार्यक्रम में विधिवत मंत्रोच्चार, पंचपूजा, सहस्त्रनाम पाठ, कमल पुष्प, फल एवं मेवे अर्पण कर माँ महालक्ष्मी का पूजन किया जाएगा। संपूर्ण परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, पवित्र मंत्रध्वनि एवं दिव्य तेज से आलोकित रहेगा, जो प्रत्येक श्रद्धालु के लिए एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव सिद्ध होगा।

पूर्व अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल ने बताया कि अनुष्ठान में सभी ट्रस्टी एवं सदस्य निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएँ देंगे तथा उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं रात्रि भोज की व्यवस्था भी की गई है।

मंदिर प्रबंधन समिति, पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष वी के जैन, अनुराधा शर्मा, मनीषा बंसल, आशु अग्रवाल, मीना गर्ग, पूजा गोयल द्वारा समस्त समाज एवं भक्तों से इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करने का विनम्र आमंत्रण किया गया है।



Previous Post Next Post

نموذج الاتصال