खपुरा गांव से दिल्ली तक: गणतंत्र दिवस पर पूर्व सैनिकों, बैंकर्स और वरिष्ठ नागरिकों का भव्य सम्मान समारोह
नई दिल्ली।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर खपुरा गांव से निकलकर दिल्ली में पूर्व सैनिकों, बैंकर्स एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में एक ऐतिहासिक एवं भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, गणमान्य अतिथियों एवं परिवारों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की सफलता पर सभी प्रतिभागियों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद श्री रमेश बिधूड़ी एवं स्थानीय विधायक व पूर्व मंत्री श्री कैलाश गहलोत रहे। अतिथियों का भव्य स्वागत किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
मुख्य अतिथि श्री रमेश बिधूड़ी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व सैनिक देश की ईमानदार शक्ति हैं और वे हर विभाग व सामाजिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
वहीं श्री कैलाश गहलोत ने आश्वासन दिया कि वे संस्था के कल्याणकारी कार्यों में हर संभव सहयोग देते रहेंगे।
पूर्व सैनिक कल्याण संस्था के अध्यक्ष श्री अशोक कसाना ने सभी मुख्य अतिथियों व उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ओआरओपी आंदोलन के जनक एवं राष्ट्रीय संयोजक, डॉ. पुरुषोत्तम कुमार वैष्णव (चेयरमैन, डीडीवीएफ) ने बताया कि संस्था पूर्व सैनिकों के कल्याण के साथ-साथ गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए कैरियर मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की।
डॉ. वैष्णव ने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दादा देव मेला ग्राउंड में पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों की भागीदारी के साथ एक और भव्य आयोजन किया जाएगा।
समारोह देशभक्ति, सम्मान और सामाजिक एकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।
