सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल में भव्य साइंस फेयर का आयोजन, छात्रों के मॉडलों ने जीता सबका दिल
गुरुग्राम।रेखा वैष्णव । सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल परिसर में विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भव्य साइंस फेयर का आयोजन किया गया, जिसमें सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल ग्रुप के विभिन्न स्कूलों के छात्रों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों की रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर पर विजडम स्कूल पालम विहार के मैनेजिंग डायरेक्टर सुंदर सिंह एवं प्रिंसिपल प्रियंका राठी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं भारद्वाज पब्लिक स्कूल के चेयरमैन पवन भारद्वाज ने भी कार्यक्रम में शिरकत की। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सिद्धार्थ पब्लिक स्कूल के चेयरमैन संदीप कुमार ने बताया कि गुरुग्राम प्रवासी परिवारों का क्षेत्र है, जहां कई अभिभावकों को मूलभूत सुविधाएं जुटाने में कठिनाई होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन हर वर्ष करीब 100 बच्चों को निःशुल्क प्रवेश प्रदान करता है, ताकि आर्थिक स्थिति शिक्षा में बाधा न बने।
स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर कल्पना कुमारी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करना भी है। स्कूल शिक्षा के साथ-साथ चरित्र निर्माण पर विशेष ध्यान देता है, जिससे विद्यार्थी अच्छे नागरिक बन सकें।
साइंस फेयर में अभिभावकों और शिक्षकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। छात्रों के इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम को सफल बनाया।


