गुरुग्राम, 25 मार्च 2026।
गुरुग्राम पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपए नकद और एक बैग बरामद किया गया है।
पुलिस थाना पालम विहार की टीम को एक महिला द्वारा शिकायत दी गई थी, जिसमें बताया गया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2020 में एक योगा टीचर राकेश शर्मा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और बाद में शारीरिक संबंध भी बने। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक वीडियो और फोटो बना लिए।
शिकायत के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी पहले भी ब्लैकमेल कर 3 लाख रुपए वसूल चुका था। इसके बावजूद मार्च 2026 में दोबारा 15 लाख रुपए की मांग करते हुए धमकी दी गई कि पैसे न देने पर वीडियो और फोटो परिवार व परिचितों में वायरल कर दिए जाएंगे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक रेडिंग टीम का गठन किया। 21 मार्च को देवीलाल पार्क, पालम विहार की पार्किंग में पैसे लेने के लिए आरोपी के आने की सूचना पर जाल बिछाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एक महिला को काबू कर लिया, जिसने अपनी पहचान नीतू शर्मा निवासी पालम विहार के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बैग में 1 लाख रुपए नकद बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने सील कर कब्जे में ले लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला और उसका पति मिलकर पीड़िता को लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहे थे।
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 2 दिन के रिमांड पर लिया, जिसके बाद उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
