राजकुमार भाटी की अभद्र टिप्पणी के विरोध में खेकड़ा सर्व समाज ने किया प्रदर्शन, कानूनी कार्रवाई की मांग
खेकड़ा, बागपत।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता श्री राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक शब्दों के प्रयोग तथा जाट-गुर्जर समाज की माताओं-बहनों पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को खेकड़ा में सर्व समाज के लोगों ने भारी आक्रोश व्यक्त किया।
गांधी प्याऊ, खेकड़ा पर बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग एकत्रित हुए, जहां से थाना खेकड़ा तक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने राजकुमार भाटी के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान सर्व खाप चौधरी 360 ब्राह्मण समाज के पंडित नरेश शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज, माताओं-बहनों अथवा धार्मिक भावनाओं के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करना अत्यंत निंदनीय है और समाज इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सम्मान की रक्षा हेतु लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आवाज उठाई जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री सुनील धामा ने कहा कि समाज में भाईचारा और सौहार्द बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी वर्ग की माताओं-बहनों पर अभद्र टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और सामाजिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
ब्राह्मण समाज अध्यक्ष पंडित जयकिशन शर्मा ने कहा कि समाज विशेष को अपमानित करने वाले बयान सामाजिक ताने-बाने को कमजोर करते हैं। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना आवश्यक है।
जाट महासभा युवा जिला अध्यक्ष रोहित चौधरी ने कहा कि माताओं-बहनों के सम्मान पर की गई टिप्पणी पूरे समाज का अपमान है। उन्होंने कहा कि सर्व समाज एकजुट होकर ऐसी मानसिकता का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के उपरांत थाना खेकड़ा पहुंचकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
सर्व समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान नरेश शर्मा ,सुनील धामा जयकिशन शर्मा रोहित धामा अनुज शर्मा ओमदत्त शर्मा गौतम पंडित पुनीत शर्मा मनीष शर्मा दीपक शर्मा देव सिरोही अजीत यादव अरविंद शर्मा प्रवीण शर्मा चंद्रमोहन दहिया एड हर्ष शर्मा चेतन चंदेला अश्वनी कौशिक बिट्टू शर्मा सन्नी गुप्ता सनी शर्मा संदीप शर्मा संजय शर्मा राजीव शर्मा पंकज शर्मा मुकेश शर्मा अभिषेक शर्मा सुरेंद्र शर्मा पुष्पेंद्र कुमार विशाल पांडे हरिओम देवेश कौशिक आदि लोग मौजूद रहे ।


