रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण से राहगीरों की बढ़ी परेशानी, हादसे का खतरा

 रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण से राहगीरों की बढ़ी परेशानी, हादसे का खतरा

गुरुग्राम। शहर के रेलवे स्टेशन मार्ग, बाबा प्रकाश पुरी चौक, 4/7 चौक सहित आसपास की कई सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वालों के लिए गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। सड़कों और फुटपाथों पर बड़े स्तर पर हुए अतिक्रमण के चलते लोगों को मजबूरन सड़क के बीच से गुजरना पड़ रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।


स्थानीय समाजसेवी राजेश पटेल ने इस समस्या को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने अपने मोबाइल फोन से कुछ तस्वीरें भी कैद की हैं, जिनमें साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर दुकानों और अस्थायी कब्जों के कारण पैदल मार्ग पूरी तरह बाधित हो चुका है।



स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन मार्ग पर दिनभर भारी यातायात रहता है और ऐसे में पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता न होना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।



समाजसेवी राजेश पटेल ने संबंधित विभागों से मांग की है कि इस मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए तथा अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाए।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال