फतेहपुर : प्रगतिशील सोच और अनूठी पहल : प्रधान अध्यक्ष हेमलता द्वारा गांव में स्थापित कराई गई सार्वजनिक "ओपन जिम" में हुआ भव्य योगाभ्यास
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में महिलाओं ने पारंपरिक साड़ी में योग कर दिया फिटनेस का बड़ा संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) में स्वास्थ्य और नारी सशक्तिकरण की एक बेहद अनूठी तस्वीर सामने आई। ग्राम प्रधान व गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल की प्रगतिशील सोच के फलस्वरूप कुछ दिन पूर्व ही गांव के मिनी सचिवालय परिसर में ग्रामीण वासियों के लिए निःशुल्क 'ओपन एयर जिम' की स्थापना कराई गई है। आज योग दिवस के पावन अवसर पर इसी नवनिर्मित परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।इस विशेष कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि संगठन की महिलाओं ने अपनी पारंपरिक पोशाक—साड़ी में ही अत्यंत सहजता और पूरे उत्साह के साथ योगासनों का अभ्यास किया।
इसके माध्यम से उन्होंने ग्रामीण परिवेश की महिलाओं को कपड़ों के संकोच से ऊपर उठने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग होने की एक बहुत ही सशक्त और प्रेरणादायक सीख दी।इस मौके पर ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं अक्सर उचित साधनों के अभाव या लोक-लाज और कपड़ों के संकोच में अपनी सेहत की अनदेखी कर देती हैं। आज हमारी बहनों ने साड़ी में सुगमता से योग और व्यायाम कर यह प्रत्यक्ष साबित कर दिया है कि हमारी पारंपरिक पोशाक कभी भी फिटनेस और आरोग्यता की राह में बाधा नहीं बन सकती।
उन्होंने बताया कि मिनी सचिवालय में स्थापित यह आधुनिक ओपन जिम गांव के हर बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिला के लिए पूरी तरह निःशुल्क और सार्वजनिक है, ताकि पूरा गांव बीमारियों से मुक्त होकर एक खुशहाल और ऊर्जावान जीवन जी सके। इस गौरवमयी अवसर पर सावित्री , लक्ष्मी, मधु, कम्मो, संयोगिता, सुमन, शिवांश, प्रिया, प्रतिभा, युवांश, सीमा सहित स्थानीय ग्रामीण व संगठन की महिलाएं उपस्थित रहीं।
