"योग फॉर हेल्दी एजिंग" विषय पर गुरुग्राम में एएसआर फाउंडेशन द्वारा दो स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर "योग फॉर हेल्दी एजिंग" विषय पर गुरुग्राम में एएसआर फाउंडेशन द्वारा दो स्थानों पर भव्य योग कार्यक्रम आयोजित



गुरुग्राम, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर "स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग" विषय को केंद्र में रखते हुए गुरुग्राम में दो भव्य योग कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग के माध्यम से समाज में स्वस्थ, संतुलित एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा प्रत्येक आयु वर्ग को नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना था।

1. वाल्मीकि चौपाल, फिरोज गांधी कॉलोनी, फेज-1, गुरुग्राम


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन एवं भारतीय योगिनी एसोसिएशन, हरियाणा चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम तल, वाल्मीकि चौपाल, फिरोज गांधी कॉलोनी, फेज-1, गुरुग्राम में एक भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रसिद्ध योग गुरु श्रीमती शालिनी भल्ला झांब के गतिशील एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।


इस अवसर पर 40 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।


यह आयोजन पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से निरंतर चल रहे योग अभ्यास सत्रों का सफल समापन भी था, जिसने प्रतिभागियों में नियमित योग के प्रति अनुशासन, जागरूकता एवं स्वस्थ जीवन के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

इस अवसर पर श्री के. के. गुप्ता, श्री मंजुल कुमार शर्मा, श्री सुनीत खुराना, श्रीमती नीलम वत्स, श्रीमती मंजू खत्री एवं डॉ. एल. सरकार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी वक्ताओं ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम की सफलता में सुश्री निर्मला देवी, सुश्री खातिजा, सुश्री एकता एवं सुश्री ज़ीनत का विशेष योगदान रहा। उनके समर्पण एवं अथक प्रयासों की सभी उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से सराहना की।



2. शिव पार्क, सेक्टर-4, गुरुग्राम


इसी क्रम में रविवार, 21 जून 2026 को प्रातः *शिव पार्क, सेक्टर-4, गुरुग्राम* में ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन एवं RSSA के संयुक्त तत्वावधान में 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यंत उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। प्रातः हुई वर्षा के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे निर्धारित ड्रेस कोड (सफेद टी-शर्ट एवं नीले/काले लोअर) में उपस्थित होकर अनुशासन एवं एकता का उत्कृष्ट संदेश दिया।


कार्यक्रम का शुभारम्भ योग गुरु श्रीमती शालिनी भल्ला झांब के सम्मान से हुआ। RSSA के अध्यक्ष श्री रवि कम्बोज एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने उन्हें शॉल, पौधा एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर योग के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया।


इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण संगीत की मधुर धुनों पर आयोजित क्लैपिंग योग रहा, जिसने पूरे वातावरण को ऊर्जा, सकारात्मकता एवं उत्साह से भर दिया। सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम के समापन पर ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री एम. पी. शर्मा* ने सभी मुख्य अतिथियों, योग गुरु, आयोजकों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि "योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं आनंदमय जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवनशैली है।" उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया


अंत में समाजसेवी श्री वेद प्रकाश मंचंदा द्वारा सभी प्रतिभागियों को प्रेमपूर्वक लस्सी एवं जलपान वितरित किया गया।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال