विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियों की मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने की समीक्षा
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के दिए निर्देश
स्वीप गतिविधियों में तेजी लाने, आरडब्ल्यूए और जनप्रतिनिधियों को अभियान से जोड़ने के दिए निर्देश
गुरुग्राम, 12 जून।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने शुक्रवार को गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन एवं निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा क्षेत्रवार बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों की नियुक्ति तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है।
समीक्षा के दौरान राजनीतिक दलों के साथ समन्वय और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-1 एवं बीएलए-2) की नियुक्तियों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ 4 मई और 22 मई को बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं तथा उनकी कार्यवाही रिपोर्ट निर्वाचन आयोग को भेजी गई है। इसके अतिरिक्त आगामी दिनों में पुनः बैठक आयोजित कर राजनीतिक दलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से लगातार संपर्क किया जा रहा है तथा 3 जून से 8 जून के बीच नियुक्त बीएलए को प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा चुका है।
बैठक में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने बताया कि 5 जून से 10 जून तक सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। साथ ही गणना प्रपत्र, घोषणा पत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी को बताया गया कि मतदाताओं की सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक संचालित की जा रही है। इसके अतिरिक्त जिला स्तर पर 0124-2224047, पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए 0124-2672900, बादशाहपुर के लिए 0124-2570029, गुरुग्राम के लिए 8700751185 तथा सोहना के लिए 9466142565 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। मतदाताओं को निर्वाचन संबंधी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला तथा विधानसभा स्तर पर हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं।
बैठक में मीडिया सेल एवं स्वीप गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी को जिला मीडिया नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना अथवा अफवाह की स्थिति में 60 मिनट के भीतर तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वहीं स्वीप कार्यक्रम के तहत स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, गांवों तथा सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। वोटर कैंप और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम की संख्या में बढ़ोतरी की जाए तथा निकाय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि वे समय समय पर वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर उन्हें प्रक्रिया से अवगत कराते हुए उनका सहयोग भी लें।
समीक्षा बैठक में मतदाता मैपिंग, मतदान केंद्रों के रेशनेलाइजेशन तथा आरडब्ल्यूए के साथ समन्वय की प्रगति पर भी चर्चा हुई। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में मतदाता मैपिंग का कार्य निरंतर जारी है तथा मतदान केंद्रों के रेशनेलाइजेशन के लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। आरडब्ल्यूए, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों के सहयोग से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए व्यापक जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुद्धता और नागरिक सहभागिता सुनिश्चित करना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अभियान की स्वीप एक्टिविटी के नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट, अतिरिक्त निगम आयुक्त अंकिता चौधरी तथा रविंद्र यादव, बादशाहपुर के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम संजीव सिंगला, पटौदी के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम दिनेश लुहाच, गुरुग्राम के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम हितेंद्र कुमार, सोहना के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम अखिलेश यादव, सीटीएम ज्योति नागपाल, इलेक्शन तहसीलदार राजेंद्र हुडा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे
