स्वर्ण जयंती पर दिया मानवता, पर्यावरण और समानता का संदेश

 


स्वर्ण जयंती पर दिया मानवता, पर्यावरण और समानता का संदेश

पालम विहार, गुरुग्राम। पूर्व विधायक स्वर्गीय श्री राकेश दौलताबाद जी के माता-पिता श्रीमती रोशनी जी एवं श्री जिले सिंह जी ने अपनी वैवाहिक जीवन की स्वर्ण जयंती (50वीं विवाह वर्षगांठ) को अनूठे एवं प्रेरणादायक तरीके से मनाकर समाज के सामने मानवता, पर्यावरण संरक्षण और ज्ञान-वितरण का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस विशेष अवसर पर दंपत्ति ने पालम विहार के के-ब्लॉक स्थित पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पार्क के माली एवं चौकीदार को विश्वविख्यात शान्तिवक्ता डॉ. श्री प्रेम रावत जी की पुस्तक “स्वांस” भेंट स्वरूप प्रदान की।

पुस्तक प्राप्त कर दोनों कर्मयोगियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस पुस्तक को अवश्य पढ़ेंगे।

उल्लेखनीय है कि श्रीमती रोशनी जी इससे पूर्व भी यह पुस्तक अनेक सरकारी एवं गैरसरकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचा चुकी हैं, लेकिन स्वर्ण जयंती के अवसर पर माली और चौकीदार जैसे कर्मयोगियों को सम्मानित कर उन्होंने यह संदेश दिया कि किसी व्यक्ति का पद नहीं, बल्कि उसकी मानवता और मानवीय गरिमा अधिक महत्वपूर्ण होती है।

आज के समय में जब भौतिक उपलब्धियों को ही सफलता का प्रमुख मानदंड माना जाता है, ऐसे में उनका यह कार्य समाज को यह स्मरण कराता है कि सच्ची महानता सेवा, समानता, प्रेम और मानवता में निहित है।

उनकी स्वर्ण जयंती केवल 50 वर्षों के सफल वैवाहिक जीवन का उत्सव नहीं रही, बल्कि समाज को प्रेम, सेवा और समानता का संदेश देने वाला प्रेरणादायक अवसर बन गई।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال