ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन द्वारा कौशल प्रशिक्षणार्थियों का प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित

 ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन द्वारा कौशल प्रशिक्षणार्थियों का प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित


गुरुग्राम, 3 जुलाई, 2026। ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन द्वारा प्रथम तल, वाल्मीकि चौपाल, फिरोज गांधी कॉलोनी, फेज-1, गुरुग्राम स्थित कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र में कटिंग एंड टेलरिंग तथा मैक्रमे से सजावटी वस्तुएँ निर्माण पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाली महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए भव्य प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।


कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के आगमन, पारंपरिक स्वागत तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं एवं परिधानों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही वंचित बच्चों के लिए संचालित रेमेडियल कक्षाओं में उपयोग होने वाली पहेली (पज़ल) खेल सामग्री, पुस्तकें एवं स्टेशनरी आदि का भी निरीक्षण किया।इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए कपड़ों के थैले, हर्बल साबुन, शैम्पू, फेसवॉश तथा हैंडवॉश भी प्रदर्शित किए गए।


इसके पश्चात अतिथियों ने कौशल विकास प्रशिक्षण केन्द्र का भ्रमण किया, जहाँ ब्यूटी पार्लर, मैक्रमे एवं जूट से सजावटी सामान निर्माण तथा कटिंग एवं सिलाई के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। बाद में नए प्रशिक्षण बैचों के साथ सामूहिक छायाचित्र भी लिए गए।


प्रमाण-पत्र वितरण समारोह का शुभारम्भ फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री एम. पी. शर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रशिक्षणार्थियों एवं इंटर्न का स्वागत करते हुए बताया कि ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन वर्ष 2018 में स्थापित एक अखिल भारतीय सामाजिक एवं समग्र विकास संस्था है, जो सोसायटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 के अंतर्गत पंजीकृत है तथा आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 80G एवं 12A के अंतर्गत मान्यता प्राप्त है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन कौशल विकास, युवा एवं महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण तथा सामुदायिक शिक्षा सहित अनेक क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है।


कार्यक्रम के दौरान महिला प्रशिक्षणार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत समूह गीत एवं लोकनृत्य ने समारोह को सांस्कृतिक गरिमा एवं उत्साह से भर दिया।

समारोह में पाँच प्रशिक्षणार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास, कौशल एवं आत्मनिर्भरता को नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रशिक्षण से उन्हें स्वरोज़गार के अवसर प्राप्त हुए हैं। फाउंडेशन की अनेक पूर्व प्रशिक्षणार्थियाँ अपने छोटे-छोटे उद्यम स्थापित कर परिवार की आय में वृद्धि कर रही हैं। यह पहल महिलाओं को आजीविका आधारित कौशल प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में फाउंडेशन की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।


डॉ. परवीन सिंह फोगाट, प्राचार्य, राजकीय डिग्री कॉलेज, सिधरावली, गुरुग्राम ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था कौशल प्रशिक्षण, वृक्षारोपण, शारीरिक फिटनेस एवं स्वास्थ्य संवर्धन, वंचित बच्चों के लिए रेमेडियल कक्षाओं तथा कुष्ठ आश्रम, वृद्धाश्रम एवं निराश्रित आश्रमों में विशेषकर शीतकाल के दौरान सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में उल्लेखनीय योगदान दे रही है। उन्होंने सफल प्रशिक्षणार्थियों को बधाई देते हुए अपने अर्जित कौशल के आधार पर स्वरोज़गार अपनाकर परिवार की आय बढ़ाने का आह्वान किया।


विशिष्ट अतिथि एवं कौशल विकास विशेषज्ञ *श्री मोहन बहारा* ने कहा कि वे फाउंडेशन के सतत कौशल विकास कार्यक्रमों में सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि उनका सहयोग विशेष रूप से आधारभूत संरचना के विकास में रहेगा तथा प्रशिक्षणार्थियों से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का आग्रह किया।


मुख्य अतिथि श्री दिलीप ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु आवश्यकता आधारित अल्पकालीन एवं दीर्घकालीन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उत्कृष्ट संचालन कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे फाउंडेशन को महिलाओं के मासिक धर्म स्वास्थ्य, वृक्षारोपण तथा अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाओं में भी सहयोग प्रदान करेंगे।


समारोह के दौरान दोनों प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की सफल प्रशिक्षणार्थियों के साथ-साथ फाउंडेशन में इंटर्नशिप पूर्ण करने वाले सुमन्यु काजा एवं आयुष्मान सिंह को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों को प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुएँ स्मृति-चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रशिक्षण बैच के साथ सामूहिक छायाचित्र भी लिए गए।


कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह में कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की शिक्षिकाएँ निर्मला देवी, खतीजा, एकता एवं जीनत, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, इंटर्न : आद्विका, कुशाग्र, आयुष्मान एवं  सुमन्यु काज़ा, प्रशिक्षणार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।


ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन ने इस अवसर पर पुनः अपने संकल्प को दोहराया कि वह समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं, को कौशल, शिक्षा और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देता रहेगा।


#ASRFoundation #Gurugram #SkillDevelopment #WomenEmpowerment #SelfReliance #TailoringTraining #MacrameArt #WomenSkills #CertificateDistribution #GurugramNews #SkillIndia #MahilaSashaktikaran #SelfEmployment #NGONews #IndiaNews

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال