रेवाड़ी-गुरुग्राम से बिहार हेतु विशेष ट्रेन चलाने की उठी मांग, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सौंपा गया मांग पत्र

रेवाड़ी-गुरुग्राम से बिहार हेतु विशेष ट्रेन चलाने की उठी मांग, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सौंपा गया मांग पत्र


गुरुग्राम। पूर्वाचल समाज गुरुग्राम की ओर से दीपावली, छठ एवं होली जैसे प्रमुख पर्वों पर रेवाड़ी और गुरुग्राम से बिहार एवं पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के लिए विशेष ट्रेनें चलाने की मांग को लेकर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा गया। यह मांग पत्र वरिष्ठ नेता के सहयोग से गुरुग्राम के सेक्टर-26 स्थित सिकंदरपुर क्षेत्र में सौंपा गया।


पूर्वाचल समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, रोहतक और आसपास के क्षेत्रों में लाखों की संख्या में बिहार एवं पूर्वांचल के लोग रोजगार और हरियाणा के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। छठ महापर्व पूर्वांचल समाज की आस्था का सबसे बड़ा पर्व है, जिसमें शामिल होने के लिए लोगों को बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की यात्रा करनी पड़ती है। लेकिन हर वर्ष त्योहारों के दौरान ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ और सीटों की कमी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

समाज के लोगों ने कहा कि पिछले कई वर्षों से रेलवे बोर्ड, सांसदों, विधायकों और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में मांग पत्र दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे प्रवासी मजदूर और आम नागरिक अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

मांग पत्र में कहा गया है कि यदि गुरुग्राम अथवा रेवाड़ी से बिहार, चंपारण, बलिया, गया, भोजपुर आरा, बक्सर, मधुबनी एवं अन्य पूर्वांचल क्षेत्रों के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाता है तो लाखों प्रवासी नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही दिल्ली के रेलवे स्टेशनों पर बढ़ने वाली भीड़ का दबाव भी कम होगा और श्रमिक वर्ग को नजदीकी स्थान से यात्रा करने की सुविधा प्राप्त होगी।

इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि पूर्वांचल समाज की समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाएगा ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके।

पूर्वाचल समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि जनहित से जुड़ी इस महत्वपूर्ण मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال