तेज रफ्तार बलेनो कार से राहगीर को टक्कर मारने वाला चालक गिरफ्तार, कार बरामद

 तेज रफ्तार बलेनो कार से राहगीर को टक्कर मारने वाला चालक गिरफ्तार, कार बरामद

गुरुग्राम, 8 जुलाई। गुरुग्राम पुलिस ने गफलत एवं लापरवाही से कार चलाकर राहगीर को घायल करने के मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दुर्घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को थाना बादशाहपुर की एसपीआर पुलिस चौकी को सूचना मिली कि गुरुग्राम स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उपचार के लिए मेडिकेयर हॉस्पिटल, सिविल लाइंस में भर्ती कराया गया था। प्रारंभ में चिकित्सकों ने घायल को बयान देने के लिए अयोग्य बताया, लेकिन 3 जुलाई को स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया गया।

घायल ने अपनी शिकायत में बताया कि वह अपने मित्र के साथ गुरुग्राम आया था। एचपी पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े होने के दौरान तेज रफ्तार बलेनो कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके पैर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक मौके से कार सहित फरार हो गया।

शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान एसपीआर पुलिस चौकी की टीम ने आरोपी रविन्द्र पुत्र विजय, निवासी गांव अनंगपुर, जिला फरीदाबाद को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना के समय वह तेज गति और लापरवाही से बलेनो कार चला रहा था, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी को मामले में शामिल कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال