गुरुग्राम। बादशाहपुर स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक (वाटिका चौक) पर नगर निगम द्वारा कथित रूप से दूसरे नाम का बोर्ड लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहीद ऊधम सिंह न्याय सेना ने इसे अमर शहीद ऊधम सिंह के सम्मान के साथ खिलवाड़ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहन खुरानिया ने जारी प्रेस नोट में कहा कि जिस चौक का मूल नाम शहीद ऊधम सिंह चौक है, वहां "महाशय हंसराम चौक" नाम का बोर्ड लगाया गया है। उनका कहना है कि यदि किसी नए चौक का नामकरण करना था तो शहर में ऐसे कई चौक उपलब्ध हैं जिनका अभी तक कोई आधिकारिक नाम नहीं है, लेकिन पहले से स्थापित शहीद ऊधम सिंह चौक पर दूसरा नाम प्रदर्शित करना उचित नहीं है।
मोहन खुरानिया ने नगर निगम और प्रशासन से मांग की है कि चौक पर लगाए गए अन्य नाम के बोर्ड को तत्काल हटाकर केवल शहीद ऊधम सिंह चौक का नाम ही प्रदर्शित किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य अमर शहीद ऊधम सिंह के सम्मान की रक्षा करना है और उनके नाम या सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मामले का समाधान नहीं किया गया, तो शहीद ऊधम सिंह न्याय सेना आंदोलन शुरू करेगी। इसके तहत नगर निगम गुरुग्राम का घेराव, धरना-प्रदर्शन तथा बादशाहपुर स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन किया जा सकता है।
संगठन ने प्रशासन से मामले का शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
(नोट: यह समाचार शहीद ऊधम सिंह न्याय सेना द्वारा जारी प्रेस नोट के आधार पर तैयार किया गया है। प्रशासन या नगर निगम का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)


