गुरुग्राम। सेक्टर-5 में आयोजित पल्स पोलियो अभियान के तहत 252 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ भाजपा नेत्री श्रीमती अनीता लूथरा अग्रवाल ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया।
इस अवसर पर दिनेश वशिष्ठ, पूर्व अध्यक्ष आरडब्ल्यूए सेक्टर-3, 5 और 6 ने बताया कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए समाज के सभी लोगों को जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को समय पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलानी चाहिए।
डॉक्टर प्रियंका हूडा ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-5 में दो स्थानों पर पोलियो कैंप लगाए गए, जिनमें प्राइमरी स्कूल सेक्टर-5 और वर्धमान हॉस्पिटल सेक्टर-5 शामिल हैं। दोनों कैंपों में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने के लिए उत्साह दिखाया।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखना है और इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग लगातार जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पोलियो के प्रति जागरूक भी किया गया।
