राजीव चौक फुटओवर ब्रिज और सबवे बदहाल, राहगीर परेशान


गुरुग्राम। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल राजीव चौक पर करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए फुटओवर ब्रिज और सबवे की बदहाली लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। राहगीरों का कहना है कि फुटओवर ब्रिज पर लगी एस्केलेटर (चलती सीढ़ियां) लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जबकि नीचे बने सबवे में बदबूदार पानी भरा होने के कारण उसका उपयोग करना मुश्किल हो गया है।

राजीव चौक पर दिन-रात हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पार करने के लिए बनाए गए फुटओवर ब्रिज का सही ढंग से संचालन होना बेहद आवश्यक है। लेकिन वर्तमान स्थिति में ब्रिज पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है और वहां आवारा कुत्तों का जमावड़ा देखा जा सकता है। इससे राहगीरों को असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी चिंता भी बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबवे में लंबे समय से जलभराव और बदबू की समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोग इसका इस्तेमाल करने से बचते हैं और मजबूरन व्यस्त सड़क पार करने का जोखिम उठाते हैं।

गौरतलब है कि राजीव चौक के आसपास ही पुलिस आयुक्त (सीपी), उपायुक्त (डीसी), न्यायपालिका सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय और वीआईपी कार्यालय स्थित हैं। इसके बावजूद इस सार्वजनिक सुविधा की ओर संबंधित विभागों का ध्यान नहीं जाना सवाल खड़े करता है।

एक सामाजिक कार्यकर्ता ने इस पूरी स्थिति को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर मीडिया के माध्यम से प्रशासन से अपील की है कि संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं मौके का निरीक्षण करें और फुटओवर ब्रिज तथा सबवे की सफाई, मरम्मत और सुचारु संचालन सुनिश्चित कर आम जनता को राहत प्रदान करें।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال