तिरंगा दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगे विद्यार्थी, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का लिया संकल्प

गुरुग्राम। राजेंद्र पार्क स्थित एक निजी विद्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय ध्वज दिवस (तिरंगा दिवस) बड़े उत्साह एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर हाथों में तिरंगा लहराया तथा "जय हिंद" और "भारत माता की जय" के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक एवं डॉ. राजेंद्र प्रसाद फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश पटेल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा ने पिंगली वेंकैया द्वारा तैयार किए गए तिरंगे को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रतिवर्ष 22 जुलाई को राष्ट्रीय ध्वज दिवस मनाया जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, शांति, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय ध्वज का सदैव सम्मान करने तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं तथा तिरंगा लेकर देशभक्ति रैली निकाली। पूरा विद्यालय राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रत्येक वर्ष तिरंगा दिवस मनाने और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में पंछी, सुधा, रिया, तन्वी, पलक, संजना, हर्षिता, पूजा, अन्नू, शिया, राखी, खुशी, रूपा, गौरव, राहुल, आकांक्षा, रश्मी, नवीन, नवनीत, मयंक, लक्ष्य, यश, कुणाल, आदित्य, समीर, देव, कृष्णा, उदय, उमेश, कार्तिक, जय, प्रियांसु, यश दलाल सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।


Previous Post Next Post

نموذج الاتصال