ए एस आर फाउंडेशन द्वारा 80वां स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया
गुरुग्राम, हरियाणा: ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन वाल्मीकि चौपाल, फिरोज गांधी कॉलोनी, फेज-1, गुरुग्राम में बड़े उत्साह, उमंग एवं पारंपरिक उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के कटिंग एवं टेलरिंग सेंटर, ब्यूटी पार्लर कोर्स तथा मैक्रमे एवं जूट से सजावटी वस्तुएं बनाने के कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की महिला प्रशिक्षुओं के साथ उनकी महिला मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तिरंगा यात्रा से हुआ। महिला प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम एवं एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम, अतिथियों एवं महिला प्रतिभागियों द्वारा विचार अभिव्यक्ति, विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां तथा हरियाली तीज की पारंपरिक खुशियों से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित की गईं। महिलाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाई तथा स्वादिष्ट पारंपरिक घेवर का आनंद लिया।
इस अवसर पर समाजसेवा की भावना को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। ज्योति पार्क निवासी एक बिस्तर पर पड़े *युवा श्री जितिन को व्हीलचेयर प्रदान की गई। व्हीलचेयर प्राप्त होने पर उनके चेहरे पर खुशी की मुस्कान दिखाई दी* तथा उनके परिवार के सदस्यों ने भी इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में *श्री एम. पी. शर्मा, अध्यक्ष, ए एस आर फाउंडेशन* ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह अत्यंत शुभ अवसर है, जब एक ओर हम स्वतंत्रता दिवस के माध्यम से देशभक्ति की भावना को मजबूत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हरियाली तीज जैसे हमारे समृद्ध लोकपर्व एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भी सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियां भी प्रदान करती है। हमें अपने मौलिक कर्तव्यों का सम्मान करना चाहिए, नागरिक बोध विकसित करना चाहिए, बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए, जरूरतमंदों की सहायता करनी चाहिए तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।
*योग गुरु शालिनी भल्ला झांब* ने हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा, आइए सावन के रंगों, हमारी खूबसूरत परंपराओं और आपसी भाईचारे की भावना को मिलकर उत्सव के रूप में मनाएं।
कौशल प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की शिक्षिकाओं *सुश्री खतीजा एवं सुश्री निर्मला देवी* सहित कई महिला प्रतिभागियों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. राखी गुप्ता, श्रीमति अनीता यादव, श्रीमति मंजू खत्री, श्रीमति विजय लता एवं श्री राजकुमार गुप्ता ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने महिला प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों का समय-समय पर आयोजन किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को अपने कौशल एवं प्रतिभा के प्रदर्शन के साथ-साथ सामाजिक exposure और व्यक्तित्व विकास के अवसर भी मिल सकें।
हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं एवं महिला सहभागिता को जीवंत रूप प्रदान किया। वहीं स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकार की भावना को और मजबूत किया।
ए एस आर फाउंडेशन की ओर से कहा गया कि संस्था महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को सीखने, अपनी प्रतिभा साझा करने और समाज के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम का समापन मेहंदी कार्यक्रम एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत हो गया।
