गुरुग्राम। संस्कार स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का महोत्सव हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा वातावरण देशप्रेम से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में स्वर्गीय विधायक राकेश दौलताबाद की माता श्रीमती रोशनी देवी, कर्नल दिनेश सिंह चहल, आरडब्ल्यूए अध्यक्ष रविंद्र जी एवं शर्मिला जी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ड्रम बजाते हुए अनुशासित परेड निकाली और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
बच्चों का उत्साह, अनुशासन और देश के प्रति उनका जज्बा कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। सरस्वती वंदना के बाद विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दीं।
स्कूल की प्रिंसिपल सरोज बाला सांगवान ने कहा कि स्कूल के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उनके अंदर देश के प्रति प्रेम कूट-कूटकर भरा हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में राष्ट्रप्रेम और संस्कारों की भावना को मजबूत करते हैं।
मुख्य अतिथि श्रीमती रोशनी देवी ने विद्यार्थियों को मेहनत और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती और विद्यार्थियों को मन लगाकर कार्य करते हुए अपने स्कूल और परिवार का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने बच्चों के साथ देशभक्ति गीत गाकर उनका उत्साह भी बढ़ाया।
वहीं, कर्नल दिनेश सिंह चहल ने विद्यार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उन्हें जीवन में अनुशासन, मेहनत एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। स्कूल के चेयरमैन श्री सुरेश सांगवान ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यार्थियों एवं अध्यापकगण की मेहनत की सराहना की तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
