पिछले तीन दिनों से पावर कट से परेशान इंडस्ट्री : दीपक मैनी

 पिछले तीन दिनों से पावर कट से परेशान इंडस्ट्री : दीपक मैनी 


- पावर कट कब होगी इसकी सूचना भी नहीं देता बिजली निगम



गुरुग्राम। सेक्टर-33 स्थित 220 केवी पावर हाउस का एक ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद सेक्टर-33, 34 और 37 के औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले 3 दिनों से बिजली सप्लाई प्रभावित है। दिन में 2 से 3 बार करीब 1-1 घंटे की बिजली कटौती हो रही है। इससे फैक्ट्रियों में प्रोडक्शन प्रभावित होने के साथ मशीनों और ऑर्डर डिलीवरी पर भी असर पड़ रहा है। प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन दीपक मैनी ने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए बिजली निगमों से तत्काल समाधान की मांग की है।

मैनी ने कहा कि एक तरफ हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के सेक्टर-33 पावर हाउस का ट्रांसफॉर्मर खराब है, वहीं सप्लाई की जिम्मेदारी दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की है। दोनों बिजली निगमों के बीच आपसी तालमेल की कमी का खामियाजा सीधे उद्यमियों को भुगतना पड़ रहा है। पिछले 3 दिनों से इंडस्ट्री में बार-बार बिजली जा रही है, लेकिन कटौती कब होगी और कितनी देर चलेगी, इसकी कोई पूर्व सूचना नहीं दी जाती।

उन्होंने कहा कि अचानक बिजली जाने से मशीनों का प्रोडक्शन प्रोसेस रुक जाता है। मशीनों को दोबारा शुरू करने में समय लगता है और कई बार टूलिंग व दूसरे उपकरणों को नुकसान का खतरा रहता है। इससे इंडस्ट्री को प्रोडक्शन लॉस के साथ ऑर्डर समय पर पूरा करने में भी परेशानी होती है। यदि बिजली कटौती की पहले से जानकारी दी जाए तो उद्यमी अपने प्रोडक्शन शेड्यूल को उसके हिसाब से मैनेज कर सकते हैं।

मैनी ने कहा कि इंडस्ट्री से बिजली बिल की पूरी पेमेंट समय पर ली जाती है, ऐसे में बिजली सप्लाई से जुड़ी परेशानी और कटौती की जानकारी देने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। बिजली जाने के बाद या अचानक मैसेज भेजने से उद्यमियों को अपनी मशीनें और प्रोडक्शन सुरक्षित करने का मौका नहीं मिलता।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम देश का बड़ा इंडस्ट्रियल और कॉरपोरेट हब है। ऐसी स्थिति लंबे समय तक बनी रहना बेहद चिंतित करने वाला है। एचवीपीएनएल और डीएचबीवीएन को आपसी तालमेल से काम करते हुए खराब ट्रांसफॉर्मर को जल्द ठीक करना चाहिए। जब तक रिपेयर का काम पूरा नहीं होता, तब तक इंडस्ट्रियल एरिया के लिए वैकल्पिक पावर व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही किसी भी पावर कट से पहले इंडस्ट्री को समय पर सूचना देना जरूरी है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال