पर्व-त्योहारों पर बिहार-यूपी के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग, राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को सौंपा ज्ञापन



गुरुग्राम/दिल्ली। रक्षाबंधन, दीपावली, छठ, होली और ईद जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान गुरुग्राम-रेवाड़ी क्षेत्र से बिहार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों के लिए विशेष ट्रेनों के संचालन की मांग को लेकर राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को मांग पत्र सौंपा गया।

दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में पहुंचे दोनों नेताओं को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए कम से कम पांच प्रमुख रेल मार्गों पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाए।

मांग पत्र के अनुसार प्रस्तावित प्रमुख रूटों में सीवान-छपरा-मुजफ्फरपुर-दरभंगा, गोरखपुर-चंपारण, बनारस-आरा-बक्सर, मुंगेर-भागलपुर तथा कटिहार-खगड़िया सहित अन्य मार्ग शामिल हैं।

मांग करने वालों का कहना है कि गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्रों में बिहार एवं पूर्वांचल से जुड़े लाखों लोग रहते हैं। त्योहारों के समय इन रूटों पर यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है और सामान्य ट्रेनों में टिकट करीब 60 दिन पहले ही फुल हो जाते हैं। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

आठ वर्षों से जारी है मांग

आयोजकों के अनुसार गुरुग्राम की धरती से रेलवे बोर्ड की सलाहकार समिति के सदस्यों, विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और मुख्यमंत्री स्तर तक लगातार मांग पत्र दिए जाते रहे हैं। पिछले करीब आठ वर्षों से विशेष ट्रेनों की मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक मुख्य रूप से आश्वासन ही मिले हैं।

इसी कारण अब बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े जनप्रतिनिधियों के माध्यम से केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय तक अपनी मांग पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मांग करने वालों को उम्मीद है कि राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह इस मुद्दे को संबंधित विभाग और रेल मंत्रालय तक पहुंचाएंगे।

दीपावली और छठ से पहले तैयारी की मांग

ज्ञापन में कहा गया है कि दीपावली और छठ पर्व में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में रेलवे को समय रहते विशेष ट्रेनों की योजना तैयार करनी चाहिए, ताकि यात्रियों को त्योहारों के दौरान अपने गृह राज्यों तक पहुंचने में परेशानी न हो।

मांग करने वालों के अनुसार गुरुग्राम और आसपास के क्षेत्र से बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर यात्रा करने वाले श्रमिकों एवं आम लोगों की संख्या छह लाख से अधिक है। त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने गांव और परिवारों के पास जाते हैं।

हाल ही में बिहार के लिए चुनाव के दौरान गुरुग्राम स्टेशन से विशेष ट्रेन संचालित किए जाने का भी हवाला देते हुए कहा गया कि जब चुनाव के समय स्पेशल ट्रेन चलाई जा सकती है तो त्योहारों के दौरान आम यात्रियों की सुविधा के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाना चाहिए।

पूर्वांचल की बेटियों ने भेजी राखी

इस दौरान पूर्वांचल की बेटियों की ओर से दोनों नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम भी राखियां भेजी गईं। कार्यक्रम में मांग पत्र सौंपने वालों में राजेश पटेल, छोटेलाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

अब देखना होगा कि वर्षों से चली आ रही इस मांग पर रेलवे और केंद्र सरकार की ओर से क्या कदम उठाया जाता है और आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान इन प्रमुख रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन कब से शुरू होता है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال