मानेसर कॉलेज में नवप्रवेशित छात्राओं का प्रवेशोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित

मानेसर। राजकीय कन्या महाविद्यालय, मानेसर में 24 अगस्त को प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए प्रवेशोन्मुखी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न समितियों, सुविधाओं, नियमों तथा छात्र-हितैषी गतिविधियों से परिचित कराना रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रवीण सिंह फोगाट ने नवप्रवेशित छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन एवं नियमित अध्ययन को अपनाने के साथ-साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन आईक्यूएसी की संयोजक एवं सहायक प्रोफेसर संगीता रानी ने किया, जबकि मंच संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रवीण कुमार ने किया।


इस दौरान छात्राओं को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समिति, समय-सारणी समिति, खेल समिति, एनएसएस, सड़क सुरक्षा समिति, आईक्यूएसी, प्लेसमेंट प्रकोष्ठ, सांस्कृतिक समिति, उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ एवं महिला प्रकोष्ठ सहित विभिन्न समितियों की जानकारी दी गई। संबंधित प्राध्यापकों ने समितियों के उद्देश्यों और छात्राओं के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक, रोजगार एवं कौशल विकास से जुड़े अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय के वातावरण से परिचित कराने के साथ उनकी नई शैक्षणिक यात्रा को सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण ढंग से शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال