मानेसर, 26 अगस्त। ऑटोमोबाइल कलपुर्जे मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में देशभर में पहचान बना चुके आईएमटी मानेसर में लघु उद्योग भारती की नई इकाई का गठन किया गया। संगठन के स्थापना दिवस के अवसर पर मानेसर इकाई गठन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की घोषणा के साथ उन्हें आधिकारिक रूप से दायित्व ग्रहण कराया गया।
कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती की अखिल भारतीय सचिव श्रीमती अंजू बजाज, अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य एवं हरियाणा राज्य प्रभारी अरुण बजाज, प्रदेश अध्यक्ष रमन सलूजा, प्रदेश महामंत्री मनोज रूंगटा तथा प्रदेश संयुक्त सचिव राकेश गुप्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
नई मानेसर इकाई में सत्यपाल कम्बोज को अध्यक्ष, तरुण वधवा को महासचिव तथा प्रवेश कम्बोज को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
समारोह में गुरुग्राम इकाई के अध्यक्ष विनोद गुप्ता, महासचिव विनोद वधवा एवं कोषाध्यक्ष पवन कुमार गुप्ता सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बादली इकाई के संयोजक पवन गुप्ता तथा जापान की सुजूयांशु ग्लोबल नेटवर्किंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के संचालक सुजुकी यासुमि ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उद्यमियों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण भी किया गया। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इससे पहले नवनियुक्त अध्यक्ष सत्यपाल कम्बोज ने आईएमटी मानेसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रदेश एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी के समक्ष रखा। इनमें प्रॉपर्टी टैक्स में अनुचित वृद्धि, बिजली व्यवस्था में सुधार, सड़कों की तत्काल मरम्मत, स्वच्छता और सीवरेज व्यवस्था जैसी प्रमुख समस्याएं शामिल रहीं। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
