मानेसर में आज से शुरू होगा सेवा सेतु अभियान, कैंप में विभिन्न योजनाओं का मिलेगा मौके पर लाभ
सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 सितंबर से 10 अक्टूबर तक गुरुग्राम के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित होंगे सेवा सेतु कैंप
गुरुग्राम, 22 सितंबर।
जिला में 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 23 सितंबर को मानेसर के नखडोला स्टेडियम से होगी। इसके बाद 24 सितंबर को नगर निगम मानेसर के सेक्टर-8 स्थित मुख्यालय में भी कैंप आयोजित किया जाएगा।
डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि इन सेवा सेतु कैंपों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सरकार की योजनाओं, सेवाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मौके पर ही पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एवं जानकारी प्राप्त हो सकेगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 25 सितंबर को सोहना के बीडीपीओ कार्यालय, 26 सितंबर को ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम सोहना, 28 सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय पटौदी, 29 सितंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भोड़ा कलां तथा 30 सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय फरुखनगर में कैंप आयोजित होंगे।
इसके उपरांत 1 अक्टूबर को आईएमटी मानेसर सेक्टर-2 स्थित एचएसआईआईडीसी कार्यालय, 2 अक्टूबर को जिला परिषद गुरुग्राम के जॉन हॉल, 3 अक्टूबर को ताऊ देवी लाल खेल स्टेडियम सोहना, 5 अक्टूबर को पटौदी के वार्ड नंबर-18 स्थित सामुदायिक केंद्र तथा 6, 7 और 8 अक्टूबर को गुरुग्राम के सेक्टर-27, सेक्टर-14 और सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक केंद्रों में सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं 9 अक्टूबर को जटौली मंडी के वार्ड नंबर-9 स्थित सामुदायिक केंद्र तथा 10 अक्टूबर को फरुखनगर के वार्ड नंबर-9 स्थित सामुदायिक केंद्र में सेवा सेतु कैंप लगाया जाएगा।
डीसी ने कहा कि सेवा सेतु कैंपों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी और सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने बताया कि कैंपों के सफल आयोजन को लेकर सभी विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए है।
0000