गुरुग्राम में सुविधाओं और समस्याओं के बीच है विरोधाभास: भारत मदान

 गुरुग्राम में सुविधाओं और समस्याओं के बीच है विरोधाभास: भारत मदान

-विधायक जनता के बीच कहते हैं खूब विकास हो रहा
-विधानसभा में कहते हैं समस्याओं के समाधान की बात


गुरुग्राम, 03 सितंबर:

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भारत मदान ने गुरुग्राम के भाजपा विधायक के जनता के बीच और विधानसभा में कही गई बातों को लेकर सवाल उठाया है। भारत मदान ने कहा कि विधायक क्षेत्र में रहते हुए दावा करते हैं कि गुरुग्राम में विकास के खूब काम हो रहे हैं, जनता की सभी समस्याएं दूर हो रही हैं। वहीं हरियाणा विधानसभा में वे खुद ही शहर की समस्याएं गिनाकर उनके समाधान की मांग करते हैं। सुविधाओं और समस्याओं के बीच यह विरोधाभास है। विधायक को स्पष्ट कर देना चाहिए कि गुरुग्राम में समस्याएं खूब हैं।
मदान ने कहा कि विधायक के विधानसभा में दिए गए वक्तव्य से साफ हो गया है कि गुरुग्राम में समस्याओं का अंबार लगा है और यहां जनता को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहर में बिजली, पानी, सडक़, सीवरेज और सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। बारिश में जलभराव, टूटी सडक़ें, ओवरफ्लो सीवर और कूड़े के ढेर आम बात हो गई है। लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। जनता रोजाना परेशान है लेकिन जनप्रतिनिधि केवल दावों में विकास दिखा रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि गुरुग्राम में वाकई विकास हुआ है तो विधायक को विधानसभा में समस्याएं क्यों उठानी पड़ रही हैं। और यदि समस्याएं हैं तो जनता के बीच विकास के झूठे दावे क्यों किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक को इस दोहरे चरित्र को स्पष्ट करना चाहिए। भारत मदान ने सरकार से मांग की कि गुरुग्राम के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर ठोस और प्रभावी कार्रवाई की जाए। केवल घोषणाओं और सोशल मीडिया प्रचार से काम नहीं चलेगा, जमीनी स्तर पर काम दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम हरियाणा का आर्थिक इंजन है और प्रदेश को सबसे ज्यादा राजस्व देता है, इसके बावजूद यहां की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए लेकिन हालात जस के तस हैं। सडक़ों पर गड्ढे, कॉलोनियों में जलभराव, घंटों बिजली कटौती और पीने के पानी की किल्लत ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को श्वेतपत्र जारी कर बताना चाहिए कि पिछले 10 सालों में गुरुग्राम के विकास पर कितना पैसा खर्च हुआ और उसका क्या परिणाम निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर सडक़ पर उतरकर आंदोलन करेगी।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال