1.79 लाख रुपये के 17 चालान लंबित मिलने पर मोटरसाइकिल इंपाउंड
गुरुग्राम। गुरुग्राम में यातायात नियमों की अनदेखी करना एक मोटरसाइकिल चालक को भारी पड़ गया। वाहन जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर 1 लाख 79 हजार रुपये की जुर्माना राशि के कुल 17 चालान लंबित पाए गए। इसके बाद गुरुग्राम यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
यातायात पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को जोनल अधिकारी मारुति कुंज टी-प्वाइंट पर तैनात एएसआई रामप्रकाश अपनी टीम के साथ वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। चालक वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कुल 17 चालान लंबित मिले, जिनकी जुर्माना राशि 1,79,000 रुपये थी।
पुलिस के मुताबिक, लंबित चालानों में बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र (पीयूसी) और बिना हेलमेट वाहन चलाने से संबंधित उल्लंघन सहित अन्य यातायात नियमों की अवहेलना के मामले शामिल थे। जांच में सामने आए तथ्यों और लंबित चालानों के आधार पर मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों के वैध बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखें। साथ ही, लंबित चालानों का समय पर भुगतान करें। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना न केवल कानूनी जिम्मेदारी है, बल्कि सड़क पर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी जरूरी है।
