नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पड़ी भारी, 3.31 लाख के 53 चालान वाली बाइक इंपाउंड

बिना हेलमेट, प्रदूषण प्रमाणपत्र और नंबर प्लेट उल्लंघन के मामले आए सामने, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई

गुरुग्राम, 10 अक्टूबर। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ के मामले में एक मोटरसाइकिल को इंपाउंड किया है। जांच के दौरान मोटरसाइकिल पर कुल 53 लंबित चालान मिले, जिनकी जुर्माना राशि 3 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है। चालक वाहन के आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद यातायात पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल को निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।

जांच के दौरान खुली लंबित चालानों की पोल

यातायात पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर को पास्को रेड लाइट पर जोनल अधिकारी एएसआई रामकिशन अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को रुकवाकर चालक से वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में यह भी सामने आया कि मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी।

पुलिस ने मोटरसाइकिल के रिकॉर्ड की जांच की तो मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत 53 चालान लंबित मिले। इनकी कुल जुर्माना राशि 3,31,500 रुपये थी। पुलिस के मुताबिक, अधिकांश चालान बिना हेलमेट वाहन चलाने, वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) नहीं होने, नंबर प्लेट से संबंधित उल्लंघनों और अन्य यातायात नियमों की अवहेलना के थे।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगा अभियान

गुरुग्राम यातायात पुलिस ने लंबित चालानों और यातायात नियमों के उल्लंघन को देखते हुए मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने वाहनों की नंबर प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखें। नंबर प्लेट के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें तथा वाहन के बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज वैध रखें।

पुलिस ने वाहन चालकों से लंबित चालानों का समय पर भुगतान करने की अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन सड़क पर चलने वाले सभी लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال