सफाई कर्मचारियों ने विधायक मुकेश शर्मा का जताया आभार, मांगों पर सुनवाई और समस्याओं के समाधान के लिए किया धन्यवाद

 सफाई कर्मचारियों ने विधायक मुकेश शर्मा का जताया आभार, मांगों पर सुनवाई और समस्याओं के समाधान के लिए किया धन्यवाद




गुरुग्राम, 17 अक्टूबर | गुरुग्राम विधायक श्री मुकेश शर्मा जी के आवास पर आज सफाई एवं सीवरमैन कर्मचारी साथियों ने पहुंचकर उनकी मांगों पर सुनवाई करने और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। कर्मचारियों ने विधायक का धन्यवाद करते हुए अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनके समाधान के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर विधायक श्री मुकेश शर्मा ने सभी सफाई एवं सीवरमैन कर्मचारियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सभी के सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ गुरुग्राम और स्वस्थ गुरुग्राम का संकल्प साकार हो सकता है।

विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। गुरुग्राम के परिवारजनों की सेवा के लिए उनके आवास एवं कार्यालय के दरवाजे 24 घंटे खुले हैं। जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता से सुनवाई करना और उचित समाधान की दिशा में प्रयास करना उनकी जिम्मेदारी है।

कर्मचारियों की मांग पर निरस्त किए गए थे आदेश

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सफाई एवं सीवरमैन कर्मचारी अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर विधायक कार्यालय पहुंचे थे। कर्मचारियों ने विधायक श्री मुकेश शर्मा के समक्ष अपनी बात रखी थी। उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए अंतिम बीट प्लान एवं सुपरवाइजरों की तैनाती से संबंधित आदेशों को हाल ही में निगम द्वारा तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया था।

विधायक श्री मुकेश शर्मा ने बताया कि यह निर्णय नगर निगम आयुक्त श्री प्रदीप दहिया, मेयर श्रीमती राजरानी मल्होत्रा, डिप्टी मेयर श्री अनूप सिंह भाम्भू एवं सीनियर डिप्टी मेयर श्री धर्मबीर भांगरोला की सामूहिक सहमति से लिया गया है।

विधायक ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को स्वच्छ रखने के लिए प्रशासन, कर्मचारियों एवं नागरिकों के बीच आपसी सहयोग और समन्वय आवश्यक है। सभी को मिलकर गुरुग्राम को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर शहर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करना चाहिए।
Previous Post Next Post

نموذج الاتصال