झारसा, गुरुग्राम। सेक्टर 31-32, प्रेमपुरी, झारसा, गुरुग्राम में श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला मंचन का आयोजन किया जा रहा है। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जा रहा है। रामलीला मंचन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
श्री रामचरितमानस रामलीला कमेटी के प्रधान जयसिंह नंबरदार के नेतृत्व में समिति के सदस्य आयोजन की व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। रामलीला के निर्देशक राजिंदर सैनी हैं। समिति में संजय जैन सचिव तथा मनजीत मेहलावत कोषाध्यक्ष और महेंद्र सिंह यादव जी मंचसंचालक के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।रामलीला के मंचन के पहले दिन हमारे बुजुर्ग और माननीय श्रीचंद सैनी जी ने पर्दा खोलकर और दीप पर्ज्वलित करके रामलीला का शुभारंभ किया ।
समिति का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों एवं भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना और नई पीढ़ी को धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ना है। रामलीला के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से कलाकार भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी और रावण सहित अन्य पात्रों का मंचन कर दर्शकों को रामायण की प्रेरणादायक गाथा से परिचित कराते हैं।
समिति का प्रयास है कि रामलीला का आयोजन धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना के साथ संपन्न हो। इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव बढ़ाने के साथ-साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा भी देते हैं।
