परिश्रम के साथ जब भक्ति शामिल होती है, तो वह तप में परिवर्तित हो जाता है— श्री बी. आर. शंकरानंद

 परिश्रम के साथ जब भक्ति शामिल होती है, तो वह तप में परिवर्तित हो जाता है— श्री बी. आर. शंकरानंद



एशियन गेम्स की स्वर्ण पदक विजेता निकिता का द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय में भव्य सम्मान


गुरुग्राम। द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय, गुरुग्राम में आज उस समय गौरव और उत्साह का वातावरण देखने को मिला, जब 2026 एशियन गेम्स, आइची-नागोया, जापान में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाली युवा खिलाड़ी निकिता कुमारी का महाविद्यालय परिवार की ओर से भव्य सम्मान किया गया। निकिता भारतीय महिला कबड्डी टीम की उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा रहीं, जिसने 26 सितंबर को ईरान को 37–34 से पराजित कर एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सम्मान समारोह में भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय संगठन मंत्री एवं मुख्य अतिथि श्री बी. आर. शंकरानंद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हरियाणा प्रांत के संघचालक श्री प्रताप सिंह जी, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कौशिक तथा गुड़गांव के लोकप्रिय विधायक श्री मुकेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। निकिता के परिजन, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी भी इस गौरवपूर्ण अवसर के साक्षी बने।


बी. आर. शंकरानंद - परिश्रम को साधना में बदलने का नाम है सफलता


मुख्य अतिथि श्री बी. आर. शंकरानंद ने निकिता को बधाई देते हुए कहा कि -परिश्रम के साथ जब भक्ति शामिल होती है, तो वह तप में परिवर्तित हो जाता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के भीतर अनुशासन, समर्पण, धैर्य और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना पैदा करता है। निकिता की उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि जब लक्ष्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और निरंतर साधना जुड़ जाती है, तो सामान्य प्रतिभा भी असाधारण उपलब्धि में बदल जाती है।उन्होंने कहा कि निकिता की सफलता पूरे गुरुग्राम, हरियाणा और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा है। विशेष रूप से बेटियों को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए निकिता की उपलब्धि एक सकारात्मक संदेश देती है।

हरियाणा प्रांत के संघचालक श्री प्रताप सिंह जी ने निकिता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। निकिता ने जिस प्रकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है, वह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को उचित मंच, परिवार का सहयोग और निरंतर मार्गदर्शन मिले तो हमारे युवा विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

गुरुग्राम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) संजय कौशिक ने निकिता को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों का दायित्व है कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, संस्कृति और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निकिता की उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को यह विश्वास देती है कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल की जा सकती है।


नगर विधायक श्री मुकेश शर्मा ने निकिता को 51 हजार रुपये की नगद धनराशि देकर सम्मानित किया।


गुड़गांव के लोकप्रिय विधायक श्री मुकेश शर्मा ने निकिता की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया तथा ₹51,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की। उन्होंने निकिता एवं उनके पूरे परिवार को बधाई देते हुए कहा कि निकिता ने केवल स्वर्ण पदक ही नहीं जीता, बल्कि अपने प्रदर्शन से पूरे गुरुग्राम और हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।

श्री शर्मा ने कहा कि खेलों में सफलता के पीछे खिलाड़ी की मेहनत के साथ-साथ उसके माता-पिता, प्रशिक्षकों और पूरे परिवार का योगदान होता है। उन्होंने निकिता के परिवार को बधाई देते हुए कहा कि एक बेटी की अंतरराष्ट्रीय सफलता के पीछे परिवार का त्याग और विश्वास भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे खेलों को केवल प्रतियोगिता के रूप में नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन और उत्कृष्टता प्राप्त करने के माध्यम के रूप में अपनाएं।


महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो .मनीषा राणा ने निकिता की इस उपलब्धि को महिला शक्ति साथ जोड़ा महाविद्यालय की शारीरिक शिक्षा विभाग की अध्यक्ष एवं पद्मश्री प्रो. सुनील डबास ने निकिता को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि भारतीय खेल जगत और विशेष रूप से महिला कबड्डी की बढ़ती शक्ति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि निकिता जैसी युवा प्रतिभाएं आने वाली पीढ़ी की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।उन्होंने निकिता के माता-पिता एवं परिवार को भी इस उपलब्धि के लिए विशेष बधाई दी।इस अवसर पर निकिता के पूरे परिवार का भी सम्मान एवं अभिनंदन किया गया lमहाविद्यालय परिवार ने कहा कि निकिता की उपलब्धि पूरे द्रोणाचार्य राजकीय महाविद्यालय और गुरुग्राम के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता से महाविद्यालय के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए नई प्रेरणा मिलेगी ।कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने निकिता को भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال