गुरुग्राम। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पूर्वी जोन के थाना सदर गुरुग्राम की पुलिस टीम ने बिना नंबर प्लेट सड़क पर चल रही एक XUV गाड़ी को इंपाउंड कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सड़क सुरक्षा मजबूत करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने से उसकी पहचान करने में परेशानी होती है, जिससे यातायात प्रबंधन और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बढ़ सकती हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप वैध नंबर प्लेट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाना सुनिश्चित करें। नंबर प्लेट स्पष्ट होनी चाहिए और निर्धारित प्रारूप के अनुसार लगी होनी चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन से अपने वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागरिकों का सहयोग जरूरी है।
