बेटी के विवाह पर श्रमिक परिवारों को मिल रही ₹1.01 लाख की आर्थिक सहायता : चंद्रकला यादव
कन्यादान योजना के तहत ₹51 हजार और सुपुत्री विवाह वित्तीय सहायता के तहत ₹50 हजार दे रही हरियाणा सरकार
गुरुग्राम। हरियाणा सरकार श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देकर उनके साथ एक सच्चे साथी की भूमिका निभा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिक परिवारों को बेटी के विवाह के अवसर पर कुल 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह सहायता जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।
ग्रीवेंस कमेटी सदस्य चंद्रकला यादव ने जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के कमजोर एवं श्रमिक वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की ओर से कन्यादान योजना के तहत 51 हजार रुपये तथा सुपुत्री विवाह वित्तीय सहायता योजना के तहत 50 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इस प्रकार पात्र श्रमिक परिवारों को बेटी के विवाह के लिए कुल 1,01,000 रुपये की आर्थिक मदद मिल रही है।
चंद्रकला यादव ने कहा कि बेटी का विवाह हर परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इस दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार की यह पहल परिवारों का आर्थिक बोझ कम करने के साथ बेटियों के सम्मान और आत्मसम्मान को भी बढ़ावा देती है।
उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हर बेटी का सम्मान और हर परिवार का मान सुनिश्चित करना ही सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पात्र श्रमिक परिवारों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
