डिफेंस एन्क्लेव में नगर निगम के खिलाफ जनआक्रोश, विजय हिंदुस्तानी के नेतृत्व में 48 घंटे का अल्टीमेटम


डिफेंस एन्क्लेव में नगर निगम के खिलाफ जनआक्रोश, विजय हिंदुस्तानी के नेतृत्व में 48 घंटे का अल्टीमेटम


सामुदायिक भवन से कथित अतिक्रमण हटाने और रिहायशी क्षेत्र से कूड़ा वाहनों का यार्ड स्थानांतरित करने की मांग


मेरठ। डिफेंस एन्क्लेव कॉलोनी में व्याप्त गंदगी, सामुदायिक भवन के कथित अनधिकृत उपयोग और रिहायशी क्षेत्र में कूड़ा वाहनों का यार्ड संचालित होने के विरोध में शनिवार शाम कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। विजय हिंदुस्तानी के नेतृत्व में कॉलोनी के मुख्य द्वार से नगर निगम के कूड़ा यार्ड तक विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान नगर निगम एवं शासन-प्रशासन को 48 घंटे का सांकेतिक अल्टीमेटम देते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की गई।


प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कॉलोनी के बीचों-बीच स्थित सामुदायिक भवन, जो स्थानीय निवासियों की जनसुविधाओं और सामाजिक गतिविधियों के लिए उपयोग में आना चाहिए, वहां नगर निगम द्वारा कार्यालय संचालित किया जा रहा है। साथ ही, परिसर में कूड़ा उठाने वाले भारी वाहनों का यार्ड बनाए जाने से कॉलोनीवासियों को गंदगी, असुविधा और अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।


कॉलोनीवासियों ने चिंता जताई कि भारी वाहनों की आवाजाही और उनसे उत्पन्न कंपन विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। रिहायशी क्षेत्र में इस प्रकार की व्यवस्था से स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और लोगों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की।


विजय हिंदुस्तानी ने कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। सामुदायिक भवन जनता की सुविधा के लिए है, न कि ऐसी व्यवस्था के लिए जिससे स्थानीय निवासियों को परेशानी उठानी पड़े। नगर निगम और शासन-प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समय में समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कॉलोनीवासी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होंगे।


उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि नागरिक अधिकारों, स्वच्छ वातावरण, जनसुविधाओं और प्रशासनिक जवाबदेही के लिए है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।


इन सम्मानित लोगों ने दर्ज कराया विरोध

इस विरोध प्रदर्शन में कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों, सैन्य अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से कर्नल बिनोद कुमार, कर्नल नरेंद्र सिंह, कृपाल सिंह (डिप्टी एसपी), भाजपा नेता लवली भारद्वाज, कॉलोनी के वाइस चेयरमैन जितेंद्र पूनिया, सचिव अनिल कौशिक, डॉ. ऋषिपाल मलिक, भाजपा नेत्री श्रीमती नीलम गिरि, प्रेमपाल सिंह, इंजीनियर चमन गिरि, मोहर सिंह मीणा, जगपाल सिंह, विनोद त्यागी, एडवोकेट धर्मजीत सिंह, वी.पी. गोयल, नरेश गिरि एवं वीरेंद्र सिंह सहित अनेक सम्मानित बंधु उपस्थित रहे।






Previous Post Next Post

نموذج الاتصال