विद्यार्थियों ने किया केंद्रीय विश्वविद्यालय का शैक्षणिक भ्रमण
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के संस्कृत विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘संस्कृत सप्ताह 2025‘ के दूसरे दिन पण्डित दीनदयाल उपाध्याय केंद्रीय पुस्तकालय का शैक्षणिक भम्रण आयोजित किया गया। इस भम्रण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकालय संरचनाओं, सुविधाओं तथा शोध-संसाधनों से अवगत कराना था। विश्वविद्यालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. संतोष सी.एच. ने बताया कि पुस्तकालय किसी भी विश्वविद्यालय की आत्मा होता है। संस्कृत जैसे विषय में शोध और अध्ययन के लिए शुद्ध एवं प्रामाणिक ग्रंथों तक पहुँच आवश्यक है, जिसे विश्वविद्यालय का केंद्रीय पुस्तकालय उपलब्ध कराता है। इसी क्रम में उप-पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. राजीव वशिष्ठ एवं सहायक-पुस्तकालयाध्यक्ष श्री नरेश के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के विभिन्न अनुभागों का अवलोकन किया। पुस्तकालय प्रभारी द्वारा विद्यार्थियों को डिजिटल लाइब्रेरी, ई-पुस्तकों, रिसर्च जर्नल्स, और संदर्भ सामग्री, ऑनलाइन कैटलॉग (ओपीएसी) आत्म-सेवा काउंटर से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक-प्रभारी डॉ. देवेन्द्र सिंह राजपूत, डॉ. सुमन रानी, डॉ. अर्चना कुमारी, डॉ. कृष्ण कुमार, सुमित शर्मा एवं विभाग के विद्यार्थी एवं शोधार्थी उपस्थित रहे।