मिशन आर्टिकल 21 पदयात्रा खेकड़ा पाठशाला पहुँची, गौसेवकों ने किया भव्य स्वागत
खेकड़ा। पश्चिम उत्तर प्रदेश की प्रदूषित नदियों को बचाने के उद्देश्य से निकाली जा रही “मिशन आर्टिकल 21” पदयात्रा गुरुवार को खेकड़ा पाठशाला पहुँची। इस अवसर पर स्थानीय गौसेवकों एवं समाजसेवियों ने पदयात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
पश्चिमांचल संगठन के अध्यक्ष गौरव पांचाल ने बताया कि पश्चिम उत्तर प्रदेश की अधिकांश नदियाँ गंभीर रूप से प्रदूषित हो चुकी हैं। नदियों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए वे अपनी पंचदलीय टीम के साथ पदयात्रा पर निकले हैं। यात्रा के दौरान वे हिंडन नदी के उद्गम स्थल से लिया गया जल लेकर चल रहे हैं, जिसे दिल्ली स्थित रायसीना हिल्स में केंद्र सरकार के अधिकारी अथवा मंत्री को सौंपा जाएगा।
इस पदयात्रा में जिला बागपत से शिवकुमार (कस्बा टीकरी), आर्यन श्योराण (ग्राम सिखेड़ा) तथा जिला शामली से शेखर दांगी (ग्राम खेड़ा हटाना) शामिल हैं। वहीं यात्रा का नेतृत्व कर रहे गौरव पांचाल (ग्राम सिम्भालका) एवं नितिन स्वामी (ग्राम इस्लामपुर घसौली) भी यात्रा का हिस्सा हैं।
पदयात्रा की शुरुआत 23 जनवरी 2026 को शिवालिक पहाड़ियों में स्थित माता शाकुंभरी देवी शक्तिपीठ के निकट से हुई थी, जबकि इसका समापन 30 जनवरी 2026 के आसपास हिंडन-यमुना संगम (दिल्ली के निकट) होने की संभावना है।
खेकड़ा पाठशाला पर स्वागत करने वालों में हर्ष शर्मा एडवोकेट, सचिन, शुभम, पराग, प्रिंस, वंश पहाड़िया, सौरभ, कुणाल, अंकित, विशाल, दीपक, अतुल, निहाल, उज्ज्वल धामा, चेतन धामा, गुड्डू, यश, आदित्य, रोहन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

