इंटक हरियाणा राज्य कार्यसमिति की बैठक संपन्न, देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान
गुरुग्राम, 31 जनवरी 2026।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक), हरियाणा प्रदेश की राज्य कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक जॉन हॉल, सिविल लाइंस, गुरुग्राम में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में श्रमिक संगठनों, यूनियनों, सरकारी कर्मचारियों तथा असंगठित मजदूरों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और श्रमिक हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं मंथन किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष माननीय राव नरेंद्र सिंह तथा माननीय सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए उनके अधिकारों की रक्षा, लंबित मांगों के समाधान और संगठन को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटक हरियाणा के अध्यक्ष श्री अमित यादव जी ने की।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बढ़ती महंगाई, निजीकरण एवं श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ 12 फरवरी 2026 को प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को प्रदेशभर में मजबूती से सफल बनाया जाएगा। संगठन ने मांग उठाई कि मजदूर विरोधी लेबर कोड्स को रद्द किया जाए, न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया जाए, ठेका प्रथा एवं निजीकरण पर रोक लगे तथा हरियाणा हाईकोर्ट के निर्णयों को लागू किया जाए।
साथ ही अस्थायी व कच्चे कर्मचारियों तथा स्कीम वर्कर्स को स्थायी करने, खाली पदों पर नियमित भर्ती, निर्माण मजदूरों के लिए पोर्टल शुरू कर सुविधाएं देने और मनरेगा को बहाल कर 200 दिन रोजगार व 800 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अतिरिक्त न्यूनतम पेंशन 10 हजार रुपये प्रतिमाह, बिजली बिल - 2025 को रद्द करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा असंगठित क्षेत्र, ट्रांसपोर्ट, वाहन चालकों और रेहड़ी-पटरी मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत एफडीआई के फैसले को वापस लेने, एलआईसी के शेयरों के विनिवेश पर रोक लगाने, सभी फसलों पर एमएसपी की गारंटी एवं खरीद सुनिश्चित करने, किसान-मजदूरों के कर्ज माफ करने तथा बीज विधेयक-2025 को रद्द करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी गई।
इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा जी ने श्रमिकों के हित में पूर्व हुड्डा सरकार द्वारा शुरू किए गए श्रमिक पोर्टल, जो वर्तमान में बंद है, उसे पुनः चालू कराने का आश्वासन दिया और कहा कि वे इस मुद्दे को विधानसभा में मजबूती से उठाएंगे। साथ ही उन्होंने तथा हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह जी ने 12 फरवरी 2026 की देशव्यापी हड़ताल को अपना पूर्ण समर्थन देते हुए श्रमिकों के सभी मुद्दों को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर सुखबीर कटारिया, प्रदेश महामंत्री धर्मबीर लोहान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पंकज डावर, हरियाणा प्रदेश युवा अध्यक्ष निश्चित कटारिया, मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा, नीरज यादव, मनीष खटाना, संदीप चौधरी, एस.एन. धैया, एस.एस. त्रेहान, नसीब झाकर, दिनेश हुड्डा सहित अनेक गणमान्य साथी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी साथियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने जिलों में जुलूस, धरना एवं जनसंपर्क अभियान चलाकर देशव्यापी हड़ताल को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।

