गुरुग्राम में शहीद दिवस पर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों ने लिया देशसेवा का संकल्प
गुरुग्राम, 23 मार्च। शहीद दिवस के अवसर पर एलएपीएस गुरुग्राम में महान क्रांतिकारी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शहीदों के अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान के बारे में विस्तार से बताया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विचार प्रस्तुत किए और शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
विद्यालय के चेयरमैन श्री टिंकू कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रश्मि राणा ने कहा कि हमारे देश के वीर सपूतों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण श्रीमती अर्चना, श्रीमती लक्ष्मी, कुमारी कोमल, श्रीमती गुरमीत, कुमारी अलीजा, श्रीमती कंचन, आयु वशिष्ठ, श्री निपुण, कुमारी पारुल, कुमारी शिखा, श्रीमती मीनू तथा कुमारी विधि सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
