गुरुग्राम में 2.20 लाख के 111 चालान! बाइक मालिक की बड़ी लापरवाही, पुलिस ने किया तुरंत इंपाउंड
गुरुग्राम, 07 अप्रैल 2026:
यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस द्वारा सख्त अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक मोटरसाइकिल को 2 लाख 20 हजार रुपये के लंबित चालानों के चलते इंपाउंड कर लिया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात श्री प्रतीक गहलोत (IPS) के निर्देशन में तथा सहायक पुलिस आयुक्त यातायात मुख्यालय/हाईवे श्री सत्यपाल यादव (HPS) की देखरेख में यह कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस द्वारा 90 दिनों से अधिक समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, अग्रसेन चौक पर चेकिंग के दौरान उप निरीक्षक सुदेश की टीम ने एक मोटरसाइकिल को रोका। जांच में पाया गया कि इस वाहन पर मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत विभिन्न धाराओं में कुल 111 चालान लंबित थे। इनमें बिना नंबर प्लेट, बिना हेल्मेट, पिलियन राइडर द्वारा हेल्मेट न पहनना और गलत दिशा में वाहन चलाना जैसे गंभीर उल्लंघन शामिल हैं।
इन सभी चालानों की कुल बकाया राशि 2,20,000 रुपये पाई गई, जिसका भुगतान 90 दिनों से अधिक समय से नहीं किया गया था। नियमों के अनुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर राजीव चौक स्थित निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय पर अपने लंबित चालानों का भुगतान करें और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही, सभी वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाना सुनिश्चित करें, ताकि अपराधियों की पहचान में सहायता मिल सके।
