सेक्टर-4 कम्युनिटी सेंटर में गंदगी व तेज आवाज से परेशान लोग, सफाई व डीजे नियंत्रण की उठी मांग
गुरुग्राम। महिला शक्ति मंच की अध्यक्ष व समाजसेवी श्रीमती संतोष श्रीपाल शर्मा ने सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर की अव्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि आसपास के निवासियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्या रखी, जिसमें कहा गया कि कम्युनिटी सेंटर में आयोजित विवाह, पार्टियों व अन्य कार्यक्रमों के बाद बचा हुआ खाना, सब्जी व आटा आदि वहीं छोड़ दिया जाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैल जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के बाद सफाई की कोई समुचित व्यवस्था नहीं होती, जिससे सुबह तक गंदगी फैली रहती है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कम्युनिटी सेंटर में कार्यक्रम समाप्त होने के तुरंत बाद या अगले दिन सुबह समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए।
श्रीमती संतोष श्रीपाल शर्मा ने यह भी कहा कि पहले कार्यक्रम के तुरंत बाद सफाई कर दी जाती थी, लेकिन अब इस व्यवस्था में लापरवाही देखने को मिल रही है। इसके अलावा उन्होंने डीजे की तेज आवाज पर भी आपत्ति जताई और मांग की कि रात 10 बजे के बाद डीजे पूरी तरह बंद किया जाए, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग में ली जाने वाली फीस में सफाई व्यवस्था पहले से शामिल होती है, इसलिए इस दिशा में तुरंत कार्रवाई करते हुए सफाई व कूड़ा उठाने की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।
