गैस व स्टील के बढ़ते दामों से बिगड़ा बाजार संतुलन, कालाबाजारी पर लगाम लगाने की श्रीपाल शर्मा ने की मांग

 गैस व स्टील के बढ़ते दामों से बिगड़ा बाजार संतुलन, कालाबाजारी पर लगाम लगाने की मांग


गुरुग्राम। कादीपुर इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष व समाजसेवी श्रीपाल शर्मा ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान में चल रहे युद्ध के कारण गैस सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच कुछ लोगों ने कालाबाजारी शुरू कर दी है, जिससे बाजार में दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी, जितना कृत्रिम रूप से कीमतों को बढ़ाया जा रहा है, जिससे बाजार का संतुलन बिगड़ता जा रहा है।

श्रीपाल शर्मा के अनुसार गुरुग्राम और फरीदाबाद जैसे औद्योगिक शहरों में बड़ी संख्या में बाहरी मजदूर कार्य करते हैं, जिनमें अधिकतर अस्थायी कर्मचारी होते हैं। इन श्रमिकों के पास गैस कनेक्शन भी नहीं होता, जिसके चलते वे बढ़ती महंगाई और संसाधनों की कमी के कारण अपने गांवों की ओर पलायन कर रहे हैं। इससे उद्योगों में मैनपावर की कमी हो रही है और उत्पादन पर भी असर पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे संकट के समय कुछ लोग मौके का फायदा उठाकर मुनाफाखोरी में लगे हैं, जैसा कि कोरोना काल में भी देखने को मिला था। बाजार में हर वस्तु के दाम बढ़ रहे हैं, जिसमें स्टील की कीमतों में भी भारी उछाल शामिल है।

श्रीपाल शर्मा ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि आवश्यक वस्तुओं के दाम जल्द से जल्द नियंत्रित और निर्धारित किए जाएं, ताकि कालाबाजारी और लूट-खसोट पर रोक लग सके। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो बाजार व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है और आमजन के साथ-साथ उद्योगों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال