फतेहपुर : बिजली विभाग की लापरवाही पर भारी पड़ी जनशक्ति, गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक और ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने घेरा पावर हाउस
अध्यक्ष हेमलता पटेल ने बहुआ पावर हाउस में किया प्रदर्शन, टीम के साथ मौके पर पहुँचे जेई
भीषण गर्मी में बच्चों की बेहाली देख भड़कीं ग्राम प्रधान,पावर हाउस घेरकर स्कूल और 50 घरों की बिजली बहाली का कार्य आरंभ
गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक और ग्राम प्रधान के संघर्ष से सुजानपुर में 'अंधेरे का अंत': 50 घरों और प्राथमिक विद्यालय को मिली बिजली की नई रोशनी
जनपद के ब्लॉक बहुआ अन्तर्गत सुजानपुर गांव में पिछले कई दिनों से व्याप्त बिजली संकट आखिरकार ग्राम प्रधान व गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल की सक्रियता और कड़े रुख के बाद समाप्त हो गया। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते गांव के 50 घर और प्राथमिक विद्यालय कई दिन से अंधेरे और भीषण गर्मी की मार झेल रहे थे | समस्या यह थी कि सुजानपुर में घरेलू और ट्यूबवेल (कमर्शियल) बिजली की लाइनें अलग-अलग हैं। विभाग की अनदेखी से लगभग 50 परिवारों और गांव के सरकारी स्कूल की सप्लाई को ट्यूबवेल लाइन से जोड़ दिया गया था। नतीजा यह था कि शाम होते ही कामर्शियल बिजली काट दी जाती थी जिससे पूरी-पूरी रात ग्रामीण अंधेरे में रहते थे और स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चे गर्मी से बेहाल थे। ग्रामीणों की पीड़ा देख ग्राम प्रधान हेमलता पटेल चुप नहीं बैठीं।
उन्होंने गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की महिलाओं और प्रभावित ग्रामीणों के साथ आज शुक्रवार को बहुआ बिजली पावर हाउस पर धावा बोल दिया। पावर हाउस पर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने विभाग के आला अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि जब तक घरेलू लाइन बहाल नहीं होती, संघर्ष जारी रहेगा। जनता के आक्रोश और ग्राम प्रधान की तार्किक मांग के आगे विभाग को आखिर सक्रिय होना पड़ा जेई कमल कुमार तत्काल अपनी टीम के साथ सुजानपुर गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर स्थिति का निरीक्षण किया और अविलंब घरेलू लाइन से कनेक्शन जुड़वाकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की दिशा में कार्य आरंभ कराया |
जैसे ही गांव और स्कूल में बिजली की रोशनी लौटने की दिशा में कार्य शुरू हुआ ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। ग्रामीणों ने अपनी कर्मठ ग्राम प्रधान हेमलता पटेल की सूझबूझ और जुझारू व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उनका आभार प्रकट किया। पावर हाउस में प्रदर्शन के दौरान प्रधान अध्यक्ष हेमलता पटेल के साथ राजरानी, प्रिया, सुमन, रेखा, कमला, शहरून, अमिता, रंजना, नीरज, शिवा, शुभम, अजय, रमेश सहित बड़ी संख्या में लोग रहे
