गुरु गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर विशाल छबील सेवा का आयोजन

श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर विशाल छबील सेवा का आयोजन

गुरुग्राम। मानवता, सेवा, करुणा एवं विनम्रता के प्रतीक पंचम सिख गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के पावन शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में ऑल स्किल एंड रिसर्च (ASR) फाउंडेशन द्वारा प्रकाश पुरी चौक, बस स्टॉप, रेलवे रोड, गुरुग्राम में विशाल छबील सेवा (मीठे एवं शीतल जल का वितरण) का आयोजन किया गया।


फाउंडेशन द्वारा पिछले तीन वर्षों से निरंतर आयोजित किए जा रहे इस सेवा कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष भी गुरुवार, 18 जून 2026 को प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक किया गया। इस दौरान समाज के सभी वर्गों के लगभग 5,000 राहगीरों एवं नागरिकों ने मीठे एवं शीतल जल का प्रसाद ग्रहण कर सेवा का लाभ प्राप्त किया।



इस अवसर पर कैनविन के संस्थापक डॉ. डी. पी. गोयल ने अपनी टीम के साथ लगभग एक घंटे तक स्वयं शरबत वितरण की सेवा की। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज का जीवन त्याग, सेवा, सहिष्णुता एवं मानव कल्याण का अनुपम संदेश देता है। उनके शहीदी दिवस पर आयोजित यह छबील सेवा समाज में प्रेम, भाईचारे एवं निःस्वार्थ सेवा की भावना को सुदृढ़ करने का एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने सभी नागरिकों से गुरु साहिब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।


समाजसेवी श्री सतीश तायल ने सभी नागरिकों, समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं से ऐसे पुण्य कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा मानवता की सेवा में अपना योगदान देने का आग्रह किया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में अनेक समाजसेवियों एवं श्रद्धालुओं ने शारीरिक सेवा के साथ-साथ चीनी, शरबत, दूध, पेपर ग्लास तथा नकद सहयोग प्रदान कर महत्वपूर्ण योगदान दिया।


फाउंडेशन के अध्यक्ष एम. पी. शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि प्रत्येक छोटा या बड़ा सहयोग इस पवित्र सेवा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी सहयोगियों, स्वयंसेवकों एवं दानदाताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।


इस अवसर पर रवि कम्बोज, के. के. गुप्ता, पंकज आहूजा, वेद प्रकाश मनचंदा, श्याम सुंदर, सुनीत सिंह, राजकुमार गुप्ता, मंजुल कुमार शर्मा, मंजू खत्री, जीविशा, योग गुरु शालिनी भल्ला झांब, अनीता ढींगरा, नीतू तुतेजा, नुनीवाल एवं उनकी टीम सहित अनेक स्वयंसेवकों ने पूरे दिन सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।


सभी स्वयंसेवकों ने एक स्वर में कहा, "सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। आइए, गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलकर मानवता, प्रेम और निःस्वार्थ सेवा की भावना को अपने जीवन का आधार बनाएं।"


यह आयोजन गुरु अर्जन देव जी महाराज के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने तथा समाज में सेवा, सद्भाव, भाईचारे और मानवता की भावना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय पहल सिद्ध हुआ।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال