​पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम ने हिसार मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए हरियाणा सरकार और हिसार प्रशासन का जताया आभार



​पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम ने हिसार मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए हरियाणा सरकार और हिसार प्रशासन का जताया आभार

​गुरुग्राम। 

पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम ने हिसार में पंजाबी समाज के खिलाफ एक व्यक्ति द्वारा की गई अभद्र, अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणी पर पुलिस व प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई का पुरजोर स्वागत किया है। महासंगठन ने आरोपी को तुरंत कस्टडी में लेने के लिए हरियाणा सरकार, मुख्यमंत्री कार्यालय और विशेषकर हिसार पुलिस प्रशासन का हृदय से धन्यवाद किया है।

​महासंगठन के पदाधिकारियों ने साझा बयान में कहा कि दो दिन पूर्व संगठन द्वारा इस घृणित कृत्य के विरोध में एक प्रेस नोट जारी कर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। हमारे समाज की भावनाओं और अस्मिता को ठेस पहुंचाने वाले इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए हिसार प्रशासन ने जिस तत्परता और मुस्तैदी से आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा है, वह सराहनीय है। इस त्वरित कार्रवाई ने कानून व्यवस्था में जनता के विश्वास को और मजबूत किया है।

​महासंगठन ने स्पष्ट किया कि पंजाबी समुदाय ने हमेशा देश और प्रदेश के विकास, भाईचारे और शांति में अपना सर्वस्व योगदान दिया है। समाज के लोगों को "पाकिस्तानी" या "शरणार्थी" कहकर उनकी देशभक्ति और अस्मिता पर सवाल उठाना बेहद निंदनीय है। इस प्रकार की मानसिकता समाज में नफरत और वैमनस्य फैलाने की एक सोची-समझी साजिश है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

​पंजाबी बिरादरी महासंगठन, गुरुग्राम हरियाणा सरकार से यह मांग भी करता है कि समाज में इस तरह का जहर घोलने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ अदालत में भी सख्त पैरवी की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी किसी जाति या समुदाय के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचाने का दुस्साहस न कर सके। महासंगठन शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


Previous Post Next Post

نموذج الاتصال