गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित हैं मोदी और नायब सरकार: राव नरबीर सिंह

 गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए समर्पित हैं मोदी और नायब सरकार: राव नरबीर सिंह


मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को समर्पित: राव नरबीर सिंह


भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय गुरुकमल में हुई गुरुग्राम और बादशाहपुर के कार्यकर्ताओं की बैठक

गुरुग्राम, 07 जून। भाजपा जिला कार्यालय गुरुकमल में रविवार को भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में गुरुग्राम एवं बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा तथा पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

बैठक में बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सभी वक्ताओं ने मजबूत बूथ, सक्रिय कार्यकर्ता और सशक्त संगठन को भाजपा की विजय का आधार बताया।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष देश के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय हैं। उन्होंने कहा कि यह अवधि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण को समर्पित रही है। प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर नई पहचान बनाई है तथा विकसित भारत के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा सीमाओं की सुरक्षा को मजबूत बनाने जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने देश की एकता और अखंडता को नई मजबूती प्रदान की है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख आर्थिक शक्तियों में शामिल हो चुका है और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूर वर्ग के सशक्तिकरण के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के उत्थान के लिए प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें लाड़ो लक्ष्मी योजना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। प्रदेश में हाईवे, एक्सप्रेसवे और सड़कों का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है तथा युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

राव नरबीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, जनधन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी सरकार की जनहितकारी योजनाओं और 12 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें।


गुरुग्राम विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है: मुकेश शर्मा


गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि नायब सरकार विकसित भारत और विकसित हरियाणा के संकल्प के साथ प्रदेश में सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, गरीब उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। 

विधायक मुकेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में गुरुग्राम में विकास के अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बुनियादी ढांचे के विकास, बेहतर यातायात सुविधाओं और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है।

पूर्व मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने भी अपने संबोधन में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनहित में निर्णय लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।


मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे कार्यकर्ता: सर्वप्रिय त्यागी


भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर जिले, मंडल और बूथ स्तर पर वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान, प्रगति पथ यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, प्रबुद्ध सम्मेलन, चित्रकला प्रतियोगिता, 21 जून को योग दिवस तथा 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत निरंतर मजबूत हो रहा है। कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक ताकत हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अरूण यादव, हरविंदर कोहली, एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बोधराज सीकरी, हुकम सिंह जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, जिला मीडिया प्रभारी हितैषी चौधरी, कुलदीप यादव, पीयूष सैनी वरुण चौहान प्रवीन शर्मा, भूपेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال