गुरुग्राम। राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत दौलताबाद औद्योगिक क्षेत्र के मुख्य सड़क प्रवेश द्वार पर लंबे समय से एक नाला खुला पड़ा हुआ है, जिससे राहगीरों और क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार संबंधित विभाग द्वारा खुदाई के बाद नाले को खुला छोड़ दिया गया है। कई दिनों से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण विशेषकर रात के समय और बारिश के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
क्षेत्र में कार्यरत काजल, रूपा सिंह, रिंकी, सावित्री, रूपा, प्रियंका, सुजाता, संतोष, गौरव मणि, शिवशंकर, अभिषेक, कृपाशंकर, वीपीन, नेहरू कुमार, एमडी असलम, जितेंद्र, लालबाबू और राहुल सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें प्रतिदिन इसी मार्ग से कंपनी आना-जाना पड़ता है। उनका कहना है कि खुले नाले के कारण हर समय हादसे का डर बना रहता है, खासकर अंधेरे और बरसात के मौसम में स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।
समाजसेवी राजेश पटेल ने संबंधित विभाग से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए नाले को जल्द से जल्द व्यवस्थित कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए खुले नाले की तत्काल मरम्मत कराई जाए और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं।
