सुजानपुर में 'तरु-पुत्र' संकल्प: हेमलता पटेल ने बांटे पौधे, ग्रामीणों ने लिया बच्चों की तरह पालने का वचन

फतेहपुर : सुजानपुर में 'तरु-पुत्र' संकल्प: हेमलता पटेल ने बांटे पौधे, ग्रामीणों ने लिया बच्चों की तरह पालने का वचन

पौधे सिर्फ पेड़ नहीं, हमारी आने वाली पीढ़ियों की सांसें हैं | "बच्चों की तरह पालेंगे पेड़, तभी सुरक्षित होगी अगली पीढ़ी : अध्यक्ष हेमलता पटेल


पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ी को खुशहाल व प्रदूषण मुक्त भविष्य देने के उद्देश्य से सोमवार को जिले के बहुआ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सुजानपुर (बहुआ देहात) में एक विशाल पौधरोपण एवं वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बहुआ ब्लॉक प्रधान संघ अध्यक्ष एवं गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष सुजानपुर प्रधान हेमलता पटेल ने सैकड़ों ग्रामीणों को फलदार व छायादार पौधों का वितरण किया |

 ग्रामीणों के भारी उत्साह के बीच ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि पौधों को सिर्फ जमीन में रोपना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी परवरिश अपने बच्चों की तरह करनी होगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा, "आज लगाए गए ये नन्हे पौधे कल जब विशाल वृक्ष बनेंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ियां शुद्ध हवा, फल और छाया का अनवरत लाभ उठा सकेंगी। पर्यावरण का संरक्षण ही भविष्य का सबसे बड़ा निवेश है।"पौधा वितरण के दौरान ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। आम, अमरूद, इमली, आंवला, सागौन, नींबू और अनार जैसे बहुपयोगी पौधे पाकर ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।

 इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों महिलाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे इन पौधों को न सिर्फ सुरक्षित ढंग से लगाएंगी, बल्कि उनके बड़ा होने तक नियमित सिंचाई और देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएंगी। प्रधान संघ अध्यक्ष हेमलता पटेल की इस पर्यावरण हितैषी पहल की समूचे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के प्रयासों से न केवल गांव हरा-भरा होगा, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी जागरूकता बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में ग्रामवासी, गुलाबी गैंग की सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post

نموذج الاتصال